हम सभी को कैशलेस झारखण्ड बनाने की दिशा में कार्य करना है : चंद्रवंशी

रांची, 02 दिसंबर (जस)। झारखण्ड के स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मीयों को कैशलेस झारखण्ड अभियान से जोड़ा जायेगा। हम सभी को एक माह तक कैशलेस झारखण्ड बनाने की दिशा में कार्य करना है। हमें राज्य के अंतिम व्यक्ति तक इस अभियान की जानकारी पहुंचानी है, और राज्य सरकार के कैशलेस झारखण्ड के सपने को पूरा करना है।

उपरोक्त बातें झारखण्ड के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कही। वे शुक्रवार को रांची जिले के नगडी प्रखण्ड परिसर में कैशलेस झारखण्ड अभियान के शुभारम्भ कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व्यक्ति नहीं, शक्ति का नाम है। जिसने डिजिटल और कैशलेस भारत का बिगुल फूंका। हमारा कर्तव्य बनता है कि इसे निभायें। कैशलेस प्रक्रिया अपनाने से भ्रष्टाचार मिटेगा और समय की बचत होगी।

सभा को संबोधित करते हुए हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि कैशलेस झारखण्ड अभियान सरकार का सरहानीय कदम है। दुनिया आगे बढ रही है, हमें भी समय के साथ चलते हुए झारखण्ड को आगे बढ़ाना है। अगर हम समय के साथ नहीं चलेंगे तो पीछे रह जायेंगे।

कांके विधायक जीतू चरण राम ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की सोच को मुख्यमंत्री ने जमीन पर उतारने का कार्य किया है। इस प्रकार की सोच से आप और हम सुरक्षित हैं। कांके विधानसभा क्षेत्र कैशलेस बने इस दिषा में कार्य होगा। इससे समय की बचत होगी और लोगों की परेषानी कम होगी।

खिजरी विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि राज्य सरकार की यह दूरगामी सोच जमीन पर उतराने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। प्रधानमंत्री के डिजिटल और कैशलेस भारत के सपने को झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में पूरा करेंगें।

मांडर विधायक गंगोत्री कुजूर ने कहा कि आज भारत डिजिटल इंडिया की ओर बढ़ रहा है। आपलोगों के समक्ष बैंक द्वारा सभी बातों को रखा गया। इसका लाभ सभी लें और अभियान में सक्रिय योगदान देकर कैशलेस अभियान को मूर्तरूप प्रदान करें।