Chief Minister Hands Over Appointment Letters to 15 Athletes

मुख्यमंत्री ने 15 खिलाड़ियों को प्रदान किया नियुक्ति पत्र

लखनऊ, 08 अक्टूबर। खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा और मेहनत से प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले 15 खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी ने मंच पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों को सरकारी सेवा से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और दिल्ली के खिलाड़ी भी शामिल हैं।
इन्हें मिला नियुक्ति पत्र
कुशीनगर की आइस प्रजापति – बॉक्सिंग
मेरठ के शार्दूल विहान – शूटिंग
लखनऊ के आमिर अली – हॉकी
उधम सिंह नगर, उत्तराखंड के हिमांशु तिवारी – बैडमिंटन
मुरादाबाद के मोहित पाल – शूटिंग
गाजीपुर की अनन्या राय – वॉलीबॉल
जबलपुर की रागिनी मार्को – तीरंदाजी
भदोही की तान्या चौधरी – एथलेटिक्स
बरेली की सुहानी राजपूत – भारोत्तोलन
लखनऊ की तनु भारती – साइकिलिंग
दिल्ली के प्रणय शर्मा – कराटे
वाराणसी के अभिषेक यादव – बॉक्सिंग
मुजफ्फरनगर के अमरेश – कबड्डी
गोरखपुर की प्रतिमा सरोज – हॉकी
लखनऊ के अभय सिंह राठौर – बॉक्सिंग

कुशल खिलाड़ियों को सम्मान
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ियों को सम्मान और अवसर देने की नीति के तहत 470 प्रतिभाशाली खिलाड़ी पुलिस परिवार का हिस्सा बनने जा रहे हैं।
इनमें आरक्षी नागरिक पुलिस एवं आरक्षी पीएसी के 427 खिलाड़ी तथा उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के 43 खिलाड़ी शामिल हैं।
वर्ष 2022 से अब तक 950 कुशल खिलाड़ियों की भर्ती उत्तर प्रदेश पुलिस में की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि खेल और पुलिस सेवा में गहरा संबंध है। खेल खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व, धैर्य, फिटनेस और दबाव में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। यही गुण पुलिस सेवा के लिए भी आवश्यक हैं।
प्रदेश में कुशल खिलाड़ियों के लिए भर्ती के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन पर आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन और शीर्ष उपलब्धियों पर पुलिस उपाधीक्षक पद तक सीधी नियुक्ति जैसी व्यवस्थाएं लागू हैं। अब तक कुशल खिलाड़ियों को निरीक्षक/दलनायक पीएसी के पद पर 14 आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नतियां दी गई हैं, जिनमें पांच महिलाएं और नौ पुरुष शामिल हैं।
इसी प्रकार उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर के पद पर 59 आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नतियां दी गई हैं, जिनमें 21 महिलाएं और 38 पुरुष हैं। मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस/पीएसी के पद पर भी 440 आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नतियां दी जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों ने विगत एक दशक में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अखिल भारतीय पुलिस प्रतियोगिताओं में 1105 पदक अर्जित किए हैं। वहीं वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स-2025 में यूपी पुलिस के खिलाड़ियों ने 95 पदक जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया।