काशी एयरफोर्स डे एरियल डिस्प्ले के लिए तीन स्तर की आपात योजना

काशी एयरफोर्स डे एरियल डिस्प्ले के लिए तीन स्तर की आपात योजना

लखनऊ, 8 अक्टूबर। वाराणसी में प्रस्तावित एयरफोर्स डे एरियल डिस्प्ले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हवा, गंगा और जमीन—तीनों स्तरों पर अलग-अलग रिस्पॉन्स प्लान तैयार किया जा रहा है। अक्टूबर 2024 में चेन्नई एयर शो के दौरान सामने आई भीड़ संबंधी स्थिति को ध्यान में रखते हुए काशी में क्राउड मैनेजमेंट और डिजास्टर मैनेजमेंट की विस्तृत व्यवस्था की जा रही है। एयर शो 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

कार्ययोजना में हवा में किसी दुर्घटना, गंगा में किसी घटना या जमीन पर अचानक स्थिति बिगड़ने की स्थिति के लिए पहले से तय रिस्पॉन्स की व्यवस्था होगी। इसके लिए एयरफोर्स, रेलवे, रोडवेज, जलमार्ग, जिला प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर दूसरे जिलों से मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त संसाधन भी बुलाए जा सकेंगे। आपदा प्रबंधन व्यवस्था में एनडीआरएफ की विशेषज्ञता भी शामिल की जाएगी।

आपात स्थिति में सूचना मिलने से लेकर मरीज को अस्पताल पहुंचाने तक के लिए तीन कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। एंबुलेंस की निर्बाध आवाजाही के लिए अस्पतालों तक ग्रीन कॉरिडोर की योजना है। सरकारी और निजी अस्पतालों में कुल 170 इमरजेंसी और 44 आईसीयू बेड चिह्नित किए गए हैं। आयोजन स्थल के आसपास 23 ब्लड बैंक भी चिन्हित किए गए हैं।

वाराणसी में 58 एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी, जबकि जरूरत पड़ने पर दूसरे जिलों से 39 अतिरिक्त एंबुलेंस मंगाई जाएंगी। इस तरह कुल 97 एंबुलेंस उपलब्ध कराने की तैयारी है। मेडिकल बैकअप में आयोजन स्थल से 20 किलोमीटर के दायरे के सात सरकारी और 15 किलोमीटर के दायरे के सात निजी अस्पताल शामिल किए गए हैं।

एयर शो की व्यवस्थाओं के लिए 21 समितियां बनाई गई हैं। इनमें घाट प्रबंधन, कंट्रोल रूम, मेडिकल कवर, परिवहन, आयोजन स्थल, पीए सिस्टम, पास एवं आमंत्रण, मीडिया प्रबंधन तथा वीडियोग्राफी-फोटोग्राफी से जुड़ी समितियां शामिल हैं। नमो घाट से अस्सी और रविदास घाट तक तथा रामनगर-डोमरी क्षेत्र के लिए अलग घाट प्रबंधन व्यवस्था होगी। एयर शो के दौरान पक्षियों से संबंधित संभावित चुनौती के लिए बर्ड कंट्रोल कमेटी और सड़क तथा गंगा मार्ग की आवाजाही के लिए ट्रांसपोर्ट कमेटी भी बनाई गई है।

File Image courtesy: Indian Air Force