नई दिल्ली, 2 सितंबर . पाकिस्तान में एक सदी पुराने हिंदू मंदिर को गिराए जाने की खबरों पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए, विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम पाकिस्तान सरकार से इस घटना की तुरंत और पारदर्शी जांच करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह करते हैं कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाए।
उन्होंने पाकिस्तान के नारोवाल जिले के सिराज गांव में एक ऐतिहासिक हिंदू मंदिर को नष्ट किए जाने की परेशान करने वाली खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
जायसवाल ने अल्पसंख्यक समुदाय के एक सदी पुराने पूजा स्थल के खिलाफ तोड़-फोड़ की इस निंदनीय हरकत की कड़ी निंदा की।
प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की स्पष्ट उदासीनता और इस सदी पुराने मंदिर की सुरक्षा करने में उनकी विफलता चिंताजनक है। ऐसी घटनाएं अल्पसंख्यक समुदायों के सामने लगातार बनी असुरक्षा और पाकिस्तान में उनकी धार्मिक स्वतंत्रता और पूजा स्थलों के घोर उल्लंघन की एक कठोर याद दिलाती हैं।
भारतीय प्रवक्ता ने मांग की कि पाकिस्तान सरकार अपवित्र किए गए मंदिर को बहाल करने के लिए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए और अपने सभी अल्पसंख्यक नागरिकों तथा उनकी सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के अपने प्राथमिक दायित्व को पूरा करे।
Follow @JansamacharNews



