नई दिल्ली, 1 सितंबर। भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच भारत और रूस के लंबे समय से चले आ रहे और भरोसेमंद संबंधों तथा उन्हें और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा हुई।
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच विश्वास और नियमित उच्चस्तरीय संवाद ने दोनों देशों के संबंधों को लगातार मजबूती प्रदान की है। उन्होंने भारत-रूस संबंधों को आगे भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की उम्मीद जताई।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच सोमवार को बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर हुई मुलाकात का भी उल्लेख किया गया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति और विभिन्न क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया था।
भाजपा अध्यक्ष ने रूसी राजदूत को पार्टी के गठन के इतिहास, उसके संगठनात्मक ढांचे और जमीनी स्तर पर पार्टी के कामकाज के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भाजपा के सदस्यों और कार्यकर्ताओं के व्यापक नेटवर्क, विभिन्न मोर्चों और विभागों तथा हाल में गठित राष्ट्रीय टीम के बारे में भी बताया।
नबीन ने कहा कि भाजपा चुनावों के अलावा भी लगातार संगठनात्मक गतिविधियों और जनता से संपर्क पर जोर देती है।
रूसी राजदूत अलीपोव ने भाजपा की संगठनात्मक क्षमता और जमीनी स्तर पर उसकी मौजूदगी की सराहना की। उन्होंने असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा की हाल की चुनावी जीत पर नबीन और पार्टी को बधाई भी दी। अलीपोव ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की भी सराहना करते हुए इसे देश के लोगों के साथ सीधे और नियमित संपर्क बनाए रखने की एक अनूठी पहल बताया।
बैठक में दोनों पक्षों ने 2027 में भारत और रूस के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 80 वर्ष पूरे होने को महत्वपूर्ण अवसर बताया। दोनों ने उम्मीद जताई कि यह वर्ष सांस्कृतिक, शैक्षणिक और लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।
दोनों पक्षों ने भारत-रूस संबंधों में जन-जन के बीच संपर्क को भी महत्वपूर्ण आधार बताया। रूसी राजदूत ने रूस में भारतीय कुशल पेशेवरों के लिए बढ़ते अवसरों का उल्लेख किया।
बैठक में भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले भी मौजूद थे।
Tags: Nitin Nabin, Denis Alipov, India-Russia Relations, BJP, Russia, Narendra Modi, Vladimir Putin, BRICS Summit, SCO Summit, Bilateral Relations
Follow @JansamacharNews



