Blue Whale

‘ब्लू व्हेल चैलेंज’ के लिंक को तुरंत हटाने के लिए निर्देश

नई दिल्ली, 15 अगस्त (जनसमा)। सरकार ने खतरनाक ऑनलाइन गेम ‘ब्लू व्हेल चैलेंज’ के लिंक को तुरंत हटाने के लिए गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, माइक्रोसॉफ्ट और याहू को निर्देश जारी किये हैं, जिससे भारत और अन्य देशों में बच्चे आत्महत्या के लिए विवश हो रहे है।

इसे कई देशों में सूसाइड गेम भी कहा जाता है।  इस खेल में आत्महत्या करने वाले बच्चों में किशोर वय के बच्चों की संख्या ज्यादा है।

कुछ जानकारों का कहना है कि इस खेल की शुरुआत 2013 में रूस से हुई जहां इसे ‘डेथ ग्रुप’ नाम दिया गया।

जिन देशों में बच्चों और अन्य युवाओं ने आत्महत्याएं की हैं उनमें अर्जेन्टिना, ब्राजील, बल्गेरिया, चिली, चीन, अमरीका, कोलम्बिया, जार्जिया, भारत, इटली, स्पेन, सउदी अरब, केन्या, पुर्तगाल, सर्बिया, वेनेजुएला, उरुग्वे जैसे देशों के नाम है। इन देशों में भी समाजशास्त्री इस खेल को रोकने की बात कर रहे हैं।

मुंबई और पश्चिम मिदनापुर जिले से भी बच्चों द्वारा उठाए गए ऐसे कदमों की जानकारी मिली है।

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी (मीटी) मंत्रालय ने एक पत्र में इंटरनेट की बड़ी कंपनियों को निर्देश दिया है कि इस खतरनाक गेम के किसी भी ऐसे लिंक को अपने नाम से या इसी तरह के खेल में तुरंत हटा दिया जाए।

‘ब्लू व्हेल चुनौती’ कथित रूप से एक आत्महत्या का खेल है जिसमें खिलाड़ी को 50 दिन की अवधि में पूरा करने के लिए कुछ कार्य दिए जाते हैं और अंतिम कार्य आत्महत्या की ओर लेजाता है।

खिलाड़ी को चुनौती देने के बाद फोटो साझा करने के लिए भी कहा जाता है।