उद्योग समुदाय के सहयोग से मध्यप्रदेश को बनायेंगे सुखी प्रदेश

भोपाल, 12 अगस्त (जस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश सर्वाधिक निवेश मित्र राज्य है। उन्होंने कहा कि उद्योग समुदाय के सहयोग से मध्यप्रदेश को सुखी प्रदेश बनायेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को उद्यमशील बनाने के लिए नवाचारी योजनाएँ बनायी गयी हैं। पंद्रह अगस्त से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा में सहायता देने के लिए नई योजना शुरू की जायेगी।

शिवराज शुक्रवार को मुम्बई में मध्यप्रदेश में निवेश सम्भावनाओं पर आयोजित सेमीनार में उद्योग समुदाय को संबोधित कर रहे थे। इस सेमीनार का आयोजन उद्योग विभाग ने भारतीय उद्योग परिसंघ के सहयोग से किया था।

उन्होंने प्रमुख उद्योगपतियों से प्रदेश में निवेश को लेकर विस्तार से चर्चा की और उन्हें प्रदेश में 22-23 अक्टूबर को इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने के लिये आमंत्रित किया। चौहान ने कहा कि निवेशकों की सहायता के लिए प्रभावी और पूरी तरह पारदर्शी सिंगल विंडो व्यवस्था स्थापित की गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा। यह देश का सबसे प्रगतिशील राज्य बन गया है। चाहे विकास दर हो या कृषि की विकास दर, सभी क्षेत्रों में प्रदेश आगे बढ़ रहा है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि बैंक स्थापित किया गया है। निवेश के लिए सभी जरुरी  अधोसरचना स्थापित हैं। पानी, बिजली, सड़क सभी जरूरी व्यवस्थाएँ उपलब्ध हैं। आकर्षक नीतियाँ बनाई गयी हैं। उद्योग मित्र नीतियों और निवेश अनुकूल निर्णयों के कारण पिछले एक दशक में तेजी से निवेश हो रहा है। उन्होंने ने बताया कि आनंद मंत्रालय की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक उन्नति के साथ आध्यात्मिक शांति भी जरूरी है।