मोदी ने देश के सबसे लम्‍बे पुल को किया राष्ट्र को समर्पित

गुवाहाटी, 26 मई (जनसमा)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को असम में देश के सबसे लम्‍बे पुल ढोला-सादिया का उद्घाटन कर उसे राष्ट्र को समर्पित कर दिया। इसका उद्घाटन होने से पूर्वोत्‍तर में रोड संपर्क में एक प्रमुख बदलाव आएगा। यह पुल तीन लेन का है तथा इसका निर्माण ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी लोहित पर किया गया है। इस ढोला-सदिया पुल की लंबाई 9.15 किमी है। यह पुल असम की राजधानी दिसपुर से 540 किमी और अरुणाचल की राजधानी ईटानगर से 300 किमी दूर है।

पुल का निर्माण 2011 में शुरू हुआ था और इस पर करीब 950 करोड़ रुपये की लागत आई। धौला-सादिया पुल रणनीतिक रूप से सैन्य उपयोग के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह 60-टन वजनी युद्ध टैंकों का भार वहन कर सकता है। इस नए पुल की मदद से सेना चीन की सीमाओं से सटे अरुणाचल प्रदेश में अधिक जल्दी व सुगमता से प्रवेश कर सकती है।

इस पुल के बनने से असम के राष्‍ट्रीय राजमार्ग–37 में रूपाई और अरूणाचल प्रदेश के राष्‍ट्रीय राजमार्ग-52 में मेका/रोईंग के बीच 165 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। इन दो स्‍थानों के बीच यात्रा करने में वर्तमान में 6 घंटे का समय लगता है, जो अब घटकर 1 घंटा हो जाएगा और इस तरह 5 घंटे के समय की बचत होगी।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। गुवाहाटी पहुंचने के बाद हवाई अड्डे पर ही असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को फुल का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। वहीं कुछ अन्य बड़े मंत्री व नेता वहां मौजूद थे।

मोदी ने असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल को उनकी सरकार के एक साल पूरा होने पर बधाई भी दी। 2014 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जबरदस्त जीत दिलाने के बाद उस साल 26 मई को मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।

संयोग से आज यानी 26 मई को नरेंद्र मोदी की सरकार अपने तीन साल पूरे कर रही है। इस पुल की अहमियत ना सिर्फ यहां के लोगों के विकास से जुड़ी है, बल्कि सामरिक तौर पर भी यह अहम भागीदारी निभाएगा। इस पुल के बन जाने से सुदूर उत्तर पूर्व के लोगों के लिए आने जाने की सुविधा हो जाएगी, कारोबार को बढ़ावा मिलेगा साथ ही इसके चालू होने से सेना को असम के पोस्ट से अरुणाचल-चीन बॉर्डर पर पहुंचने में आसानी होगी।

उल्लेखनीय है कि 3 साल पूरे होने के जश्न के रूप में केंद्र सरकार आज से 15 जून तक 900 जगहों पर अलग-अलग कार्यक्रम करेगी। इस कार्यक्रम को नाम दिया गया है ‘मेकिंग ऑफ डेवलप्ड इंडिया’। 20 दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में 300 सांसद, 13 मुख्यमंत्री, 5 उप-मुख्यमंत्री सहित 450 भाजपा के नेता शामिल होंगे। इस दौरान भाजपा के मुख्यमंत्री उन राज्यों में भी जाएंगे जहां उनकी पार्टी की सरकार नहीं है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।