किसानों को राहत देने के लिए शिवराज सरकार ने बढ़ाए प्याज खरीदी केंद्र

भोपाल, 12 जून (जनसमा)। मध्यप्रदेश में प्याज की बम्पर पैदावार को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से प्याज खरीदने के लिए खरीदी केंद्र बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शिवराज ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरूद्ध सख्ती से पेश आएं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को मंत्रालय से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागायुक्तों और कलेक्टरों से प्याज एवं अन्य कृषि उपज की खरीदी के बारे में चर्चा कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि किसानों को राहत देने के लिए मध्यप्रदेश सरकार काफी प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में प्याज की अधिक से अधिक खरीद से किसानों को काफी हद तक राहत मिल सकती है।

चौहान ने कलेक्टरों से कहा कि प्याज की खरीदी और वितरण तत्काल करें। उन्हें जरूरत पड़ने पर जिले की आवश्यकता और सुविधानुसार खरीदी केंद्र स्थापित करने के अधिकार दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्याज के ट्रकों को खाली करवाएं और उन्हें वापस भरकर दोबारा भेजें ताकि परिवहन की निरंतरता बनी रहे। राशन दुकानों के माध्यम से प्याज दो रूपये प्रति किलो की दर से गरीबो को बेची जाएगी।

इसी क्रम में किसानों से मूंग खरीदने के लिए भारत सरकार की नेफेड संस्था द्वारा व्यवस्था की गई है। तुअर के लिए 80, मूंग के लिए 62 और उड़द के लिए 48 खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। ये खरीदी केन्द्र बढ़ाये जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने खरीदी की व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने साफ़ किया कि प्याज या अन्य उपजों की खरीदी की कोई सीमा नहीं रखी गई है। किसान जितना लाएं, सब ख़रीदें।