गोदामों

न्याय पंचायत स्तर पर सौ से 5 हज़ार मी टन के गोदामों के निर्माण की योजना

लखनऊ,17 अक्टूबर।  उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में न्याय पंचायत स्तर पर सौ से 5 हज़ार मी टन के गोदामों के निर्माण की योजना तैयार की है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह जानकारी देते हुए कहा कि देश के सर्वाधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आधार कृषि है। खाद्यान्न, सब्जी, चीनी एवं दुग्ध उत्पादन में राज्य, देश में अग्रणी है।

मुख्यमंत्री जी कल शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर भारतीय उद्योग परिसंघ सी आई आई द्वारा वर्चुअल प्लेटफार्म पर आयोजित एग्री एण्ड फूड टेक-2020 को सम्बोधित कर रहे थे।

यह आयोजन इण्डिया इन्टरनेशनल फूड एण्ड एग्री वीक-2020 (16-22 अक्टूबर, 2020) के अवसर पर आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की फसलों के सुरक्षित भण्डारण हेतु सहकारिता विभाग द्वारा आगामी 4 वर्षों में न्याय पंचायत स्तर पर 100 मी0 टन से लेकर 5000 मी0 टन क्षमता के 5380 गोदामों के निर्माण हेतु 2600 करोड़ रुपए की योजना तैयार की गयी है। इससे 8.50 लाख मी0 टन फसल का  भण्डारण सुरक्षित हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 01 लाख करोड़ रुपए के एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फण्ड के सम्बन्ध में प्रदेश सरकार द्वारा कार्यवाही की जा रही है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के 11 जनपद ‘काला नमक’ चावल के लिये जी0आई0 सूची में दर्ज किये गये हैं। इससे बासमती के साथ-साथ ‘काला नमक’ चावल के क्षेत्र में भी प्रदेश अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकेगा।

यह उपलब्धि विदेशी मुद्रा अर्जित करने में भी कारगर सिद्व होगी। इसके लिए भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली, कृषि विश्वविद्यालय अयोध्या, कृषि विज्ञान केन्द्र गोरखपुर, कृषि विज्ञान केन्द्र सिद्धार्थनगर तथा कृषि विज्ञान केन्द्र देवरिया का एक मेगा प्रोजेक्ट नेटवर्किंग मोड पर स्वीकृत किया गया है।

उन्होंने कहा कि वाराणसी व आस-पास के क्षेत्रों में किसानों द्वारा उगाई गई सब्जियों के निर्यात की बहुत सम्भावनाएं हैं। गत वर्ष यहां से अरब देषों को सब्जियों का निर्यात शुरू किया गया है। सरकार द्वारा गठित किये जा रहे कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा संगठित रूप से अधिक मात्रा में सब्जियों का उत्पादन होने से इनके निर्यात की सम्भावनाएं और विकसित होंगी।

कार्यक्रम को एग्री एण्ड फूड टेक-2020 के चेयरमैन श्री अजय श्रीराम, सी0आई0आई0 के महानिदेशक श्री चन्द्रजीत बनर्जी ने भी सम्बोधित किया।