फैशन के अनुरूप हों खादी वस्त्र : अखिलेश

लखनऊ, 26 मई (जनसमा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि खादी वस्त्रों को बढ़ावा देने के लिए उन्हें आधुनिक बाजार और फैशन की जरूरतों के अनुरूप उन्नत बनाने की आवश्यकता है। वर्तमान समय के हिसाब से ही इनकी ब्राण्डिंग और मार्केटिंग की भी जरूरत है। इसके लिए आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ संस्थान की सहायता भी ली जानी चाहिए। खादी को प्रचार की भी जरूरत है। प्रचार नहीं होगा तो खादी पीछे रह जाएगी।

अखिलेश यादव गुरूवार को यहां अपने सरकारी आवास पर खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की विभिन्न लोककल्याणकारी एवं विकास योजनाओं के शुभारम्भ अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

उन्होंने राष्ट्रीय फैशन तकनीकी संस्थान (निफ्ट), रायबरेली द्वारा किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि परिस्थितियों के अनुसार बदलाव की जरूरत होती है। खादी के कपड़े, धागे, रंग आदि में बदलाव की आवश्यकता को इस व्यवसाय से जुड़े लोग तथा निफ्ट के विद्यार्थी बेहतर तरीके से समझ सकते हैं।

अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निफ्ट जैसे और संस्थान खुलने चाहिए। राज्य सरकार इसके लिए जमीन उपलब्ध कराने को तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खादी को बढ़ावा देने हेतु पूरी मदद की है। खादी संस्थाओं के बकाया भुगतान के साथ ही खादी वस्त्रों पर छूट को बढ़ाया गया है।

उन्होंने कहा कि खादी की चर्चा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और खादी से उनका जुड़ाव याद आता है। आज भी तमाम लोगों को खादी से बहुत प्यार है। गांधी आश्रम जाकर खादी के प्रति लोगों के लगाव को देखा जा सकता है।