विश्व की सबसे बड़ी रीवा अल्ट्रा मेगा सौर परियोजना प्रगति पर

भोपाल, 26 मई (जनसमा।) मध्यप्रदेश की रीवा अल्ट्रा मेगा सौर परियोजना वर्तमान में एक ही स्थान पर विकसित की जा रही विश्व की सबसे बड़ी परियोजना है। परियोजना को लेकर देश में ही नहीं, विदेशों से भी उत्सुकता है। संयुक्त राज्य अमेरिका के राजदूत रिचर्ड वर्मा ने भी अपनी भोपाल यात्रा में रीवा सौर परियोजना के लिए उत्सुकता व्यक्त की।

परियोजना के आकार एवं वैश्विक सहभागिता को ध्यान में रखकर इंटरनेशनल फायनेंस कॉरपोरेशन की सलाहकार सेवाएँ तकनीकी, लीगल व्यावसायिक, रेग्युलटरी आधार पर परियोजना के समग्र विकास के लिए ली जा रहीं हैं। परियोजना के लिए विश्व बैंक द्वारा रियायती दर पर ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। इससे परियोजना का आंतरिक आधारभूत ढॉचा तथा आंतरिक विद्युत ट्रांसमिशन सिस्टम (33X220 KV) का विकास किया जा रहा है। पॉवर-ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा परियोजना के अंतर्राज्यीय ग्रिड संयोजन के लिए 400 KV सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना से उत्पादित विद्युत म.प्र. पॉवर मैनेजमेंट तथा दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन को विक्रय की जायेगी।

मध्यप्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा जनसंपर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ल से आज उनके निवास पर आईएफसी एशिया-पेसिफिक प्रमुख इसाबेल चैटरटन ने भेंट कर रीवा अल्ट्रा मेगा सौर परियोजना की प्रमुख गतिविधियों से अवगत करवाया। शुक्ल ने कहा कि रीवा सौर परियोजना एक प्रतिष्ठित परियोजना है। इसके सभी कार्य तय सीमा में पूरे होना चाहिये, जिससे यह अपने निर्धारित समय में क्रियाशील हो सके। राजेन्द्र शुक्ल ने परियोजना की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिये गये कि सभी आवश्यक कार्यों को नियत समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। जिससे परियोजना निर्धारित समयावधि, 30 जून 2017 तक पूरी क्रियाशील हो सके।