यमुना का जलस्तर घटते ही ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू

यमुना का जलस्तर घटते ही ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू

यमुना का जल स्तर थोड़ा कम हुआ है। जल स्तर बढ़ने से जो वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद हुए थे, उसमें से ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को शुरू कर दिया गया है।

delhiflood #YamunaWaterLevel #Yamuna

नई दिल्ली,15 जुलाई। दिल्लीवालों के लिए राहत भरी खबर है कि यमुना का जलस्तर घटते ही दिल्ली सरकार ने बंद ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को दोबारा शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार शाम को खुद दौरा कर ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने नाव में बैठ कर यमुना के जलस्तर का जायजा भी लिया। प्लांट में लगे पंपों में घुसे पानी को सुखा दिया है।
केजरीवाल का कहना है कि यमुना का जल स्तर थोड़ा कम हुआ है। जल स्तर बढ़ने से जो वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद हुए थे, उसमें से ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को शुरू कर दिया गया है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में स्थिति और सुधरेगी और हम बाक़ी प्लांट भी जल्द शुरू कर पाएंगे।

सीएम ने आईटीओ बैराज का भी दौरा कर कहा कि यहां 32 में से 5 गेट बंद हैं। इनके बंद होने से पानी की निकासी आगे की तरफ बाधित हो रही है। इसके चलते हरियाणा से आ रहा पानी आगे नहीं निकल पा रहा है और जलस्तर बढ़ने से यमुना के नीचले इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। नेवी और आर्मी के साथ मिलकर हम इन्हें खोलने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज भी मौजूद रहे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अभी यमुना का जल स्तर 208.2 मीटर है और शनिवार को सुबह तक अगर यह 207.7 मीटर तक पहुंच गया तो चंद्रवाल और वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को भी सुखाकर चालू कर दिया जाएगा।
सीएम केजरीवाल ने बताया कि आईटीओ बैराज का हरियाणा सरकार रख-रखाव करती है। लेकिन हरियाणा सरकार की दिल्ली में कोई रूची नहीं है। अब हम एक बार फिर हरियाणा सरकार से निवेदन करेंगे कि यह बैराज दिल्ली सरकार को सौंप दें, ताकि हम इसका नियमित मेंटिनेंस करते रहें। यह गेट कई दशकों से नहीं खोले गए हैं। हरियाणा सरकार से कई बार अनुरोध किया गया है कि वो बैराज दिल्ली सरकार को दे दे, लेकिन नहीं हो पाया। इस बार जब यह आफत आई है तो हरियाणा सरकार से कहा जाएगा कि आईटीओ बैराज दिल्ली सरकार को दे दिया जाए।
केजरीवाल ने यमुना में जलस्तर बढ़ने को लेकर भाजपा की ओर से की जा रही राजनीति पर कहा कि मैं कल से देख रहा हूं कि हमें गाली दी जा रही है। वो गाली देते रहें, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है। यह ऐसा संकट है, जिसमें हर इंसान को दूसरे इंसान की मदद करनी चाहिए। एक-दूसरे को गालियां देने से कोई फायदा नहीं है। लेकिन कल से ही भाजपा वाले मुझे गालियां दे रहे हैं।
यमुना में डूबने से हुई तीन बच्चों की मौत पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने दुख जताते हुए कहा कि पता चला है कि तीनों बच्चे नहाने गए थे। हमने कई बार आगाह किया है कि सभी लोग नदी से दूर रहें। कई लोग बाढ़ देखने जा रहे हैं। मेरी अपील है कि बाढ़ देखने भी न जाएं, क्योंकि कई बार अचानक पानी बढ़ जाता है। सेल्फी और वीडियो मत बनाइए। अभी यमुना का बहाव बहुत तेज है। अच्छे से अच्छा तैराक भी नदी के इस बहाव को बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बारिश की संभावना जताई जा रही है। अगर बारिश नहीं होती है तो एक-दो दिन में दिल्ली में समान्य जन जीवन हो जाएगा। लेकिन बारिश आती है तो फिर देखना पड़ेगा। सीएम ने कहा कि दिल्ली में एक दिन बारिश हुई थी। उसके बाद दिल्ली में बारिश नहीं हुई है। यमुना में सारा पानी हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से आ रहा है। यमुना में स्थानीय पानी नहीं है। दिल्ली की अभी तक इतना पानी हैंडल करने की क्षमता नहीं थी। करीब 45 साल बाद यमुना का जलस्तर 207.5 मीटर को पार किया है। यह बहुत बडा संकट है। ऐसे संकट के समय में एक-दूसरे को दोष देने की बजाय सबको मिलकर काम करना चाहिए।