शीतलहर

शीतलहर में मंगलवार से कमी आने का अनुमान

पश्चिमी विक्षोभ के निकट आने के कारण 10 जनवरी, 2023 मंगलवार से शीतलहर में कमी आने का अनुमान लगाया है।

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्से आज 9 जनवरी की सुबह कोहरे की मोटी चादर में लिपटे देखे गए।

उत्तर पश्चिम भारत में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है किन्तु भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के निकट आने के कारण कल से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और इससे सटे मध्य भारत में शीतलहर की स्थिति में कमी आने का अनुमान लगाया है।

सोमवार को भी पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड भीषण शीतलहर एवं घने कोहरे की चपेट में हैं।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में मौजूदा शीत लहर की स्थिति से कुछ राहत मिलेगी। यह जानकारी आईएमडी के महानिदेशक डॉ. एम. महापात्रा ने आकाशवाणी को दी।

दिल्ली में रविवार को सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो जनवरी में बीते दो वर्षों में सबसे कम तापमान था।

घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ।

दिल्ली में अत्यधिक शीत लहर के कारण स्कूलों में कक्षाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

शीतलहर को देखते हुए दिल्ली के निजी और सरकारी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश 15 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।