Jharkhand Assembly elections

झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार समाप्त,

झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly elections) के चौथे चरण का प्रचार आज 14 दिसंबर,2019 की शाम समाप्त हो गया।

भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने  गिरिडीह (Giridih) में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए,कहा, विपक्षी दल लोगों को नागरिकता संशोधन अधिनियम पर भ्रमित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, भाजपा मुस्लिम विरोधी नहीं है और केंद्र समुदाय के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

झामुमो नेता हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने कहा, अगर उनके गठबंधन को सत्ता में लाने के लिए वोट दिया जाता है, तो ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा और किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।

झारखंड विकास मोर्चा के प्रमुख बाबूलाल मरांडी(Babulal Marandi)  ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने गरीबों के पांच लाख से अधिक कार्ड रद्द कर दिए।

राजद, कांग्रेस और वाम दलों के नेताओं ने भी अपनी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में रैलियों को संबोधित किया।

झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly elections) के  चार निर्वाचन क्षेत्रों धनबाद, देवघर, गिरिडीह और बोकारो में फैले 15 निर्वाचन क्षेत्र इस चरण में सोमवार को मतदान करेंगे। इनमें से पाँच निर्वाचन क्षेत्र – बगोदर, जमुआ, गिरिडीह, डुमरी और टुंडी नक्सल-प्रभावित हैं।

90,797 नए मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए

झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly elections) के  चौथे चऱण में 16 दिसंबर को 15 सीटों के लिए होनेवाले मतदान में 90,797 ऐसे मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनका नाम 12 अक्टूबर 2019 को प्रकाशित मतदाता सूची के उपरांत दर्ज किया गया है।

इस तरह 12 अक्टूबर  के बाद एक माह के अंदर पुरुष मतदाताओं की संख्या में 23,664, महिला मतदाताओं की संख्या में 67,106 और थर्ड जेंडर के मतदाताओं में 27 की बढ़ोत्तरी हुई है।

ज्ञात हो कि 12 अक्टूबर को प्रकाशित मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 46,94,212 थी, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 47,85,009 हो गई है।

इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 25,17,130 से बढ़कर 25,40,794 औऱ महिला मतदाताओं की संख्या 21,77,028 से बढ़कर 22,44,134 और थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 54 से बढ़कर 81 हो गई है।

किस विधानसभा क्षेत्र में कितने बढ़े मतदाता

अगर विधानसभावार मतदाताओं की संख्या में हुए इजाफे की बात करें तो मधुपुर में 7320, देवघर में 5833, बगोदर में 6110, जमुआ में 5234, गांडेय में 7433, गिरिडीह में 3797, डुमरी में 6167, बोकारो में 10,690, चंदनक्यारी में 3639, सिंदरी में 3907, निरसा में 5783, धनबाद में 6397, झऱिया में 8105, टुंडी में 4749 औऱ बाघमारा में 5630 मतदाताओं ने 12 अक्टूबर 2019 के बाद मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया है।.

18-19 साल के भी बढ़ गए 28,373 मतदाता

12 अक्टूबर 2019 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशित होने के बाद 18-19 साल के 28,373 मतदाताओं ने अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया है।

इनमें 9030 पुरुष, 19,335 महिला और थर्ड जेंडर के 8 मतदाता शामिल है। 12 अक्टूबर को प्रकाशित मतदाता सूची में 18-19 साल के मतदाताओं की कुल संख्या 67,422 थी, जो अब बढ़कर 95,795 हो चुकी है।

इसके तहत पुरुष मतदाताओं की संख्या 41,367 से बढ़कर 50397, महिला मतदाताओं की संख्या 26048 से बढ़कर 45,383 और थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 7 से बढ़कर 15 हो गई है।

कहां कितने बढ़े 18-19 साल के मतदाता

झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly elections) के लिए 12 अक्टूबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के उपरांत मधुपुर में 2701, देवघर में 1982, बगोदर में 1930, जमुआ में 1574, गांडेय में 2337, गिरिडीह में 1392, डुमरी में 2218, बोकारो में 3022, चंदनक्यारी में 1189, सिंदरी में 1289, निरसा में 1614, धनबाद में 1536, झऱिया में 2125, टुंडी में 1582 औऱ बाघमारा में 1882 मतदाताओं (18-19 साल के) मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए गए है।

मधुपुर, देवघर, गांडेय, बोकारो, चंदनक्यारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया और बाघमारा में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा मतदान

झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly elections)  में 16 दिसंबर 2019 को 13- मधुपुर, 15-देवघर (एससी), 29-बगोदर, 30-जमुआ (एससी), 31-गांडेय, 32-गिरिडीह, 33-डुमरी, 36-बोकारो, 37-चंदनक्यारी (एससी), 38-सिंदरी, 39-निरसा, 40-धनबाद, 41-झरिया, 42-टुंडी और 43-बाघमारा सीट के लिए मतदान होना है. इसमें मधुपुर, देवघर, गांडेय, बोकारो, चंदनक्यारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया और बाघमारा में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे, वहीं बगोदर, जमुआ, गिरिडीह, डुमरी और टुंडी में सुबह 7 से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा।

विनय कुमार चौबे, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान शुरु होने के डेढ़ घंटा पहले मतदान कर्मियों और मतदान अभिकर्ता को मतदान केंद्र पर उपस्थित होना है।

इसके उपरांत मॉक पोल की कार्रवाई की जाएगी. मॉक पोल के बाद मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी. जिन विधानसभा सीटों के लिए मतदान की समाप्ति का समय अपराह्न 3 और 5 बजे तक है, वहां उस समय तक मौजूद सभी मतदाता मतदान कर सकेंगे।

इसके तहत वैसे मतदाताओं को पीठासीन पदाधिकारी अपने हस्ताक्षर के साथ पर्ची देंगे और उन्हें मतदान करने की अनुमति दी जाएगी।