Modi

एक बेटी दस बेटों के बराबर है : प्रधान मंत्री मोदी

एक बेटी दस बेटों के बराबर है। दस बेटों से जितना पुण्य मिलेगा एक बेटी से उतना ही पुण्य मिलेगा।

‘स्कन्द-पुराण’ के एक श्लोक की विवेचना करते हुए प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 40वें भाग में रविवार को आकाशवाणी के प्रसारण में कहा कि यह हमारे समाज में नारी के महत्व को दर्शाता है। और तभी तो, हमारे समाज में नारी को ‘शक्ति’ का दर्जा दिया गया है। यह नारी शक्ति पूरे देश को, सारे समाज को, परिवार को, एकता के सूत्र में बाँधती है।

प्रधान मंत्री ने अन्तरिक्ष यात्री कल्पना चावला को याद करते हुए कहा कि 1 फरवरी को अन्तरिक्ष में जाने वाली कल्पना चावला की पुण्य तिथि है। कोलंबिया अन्तरिक्षयान दुर्घटना में वो हमें छोड़ कर चली गयीं लेकिन दुनिया भर में लाखों युवाओं को प्रेरणा दे गयी।

प्रधान मंत्री ने रक्षा-मंत्री निर्मला सीतारमण के लड़ाकू विमान ‘सुखोई 30’ में उड़ान भरने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह सभी को प्रेरणा देगा।

उन्होंने हाल ही में प्रदर्शित भारतीय महिलाओं के बहादुरी और हौंसले की चर्चा करते हुए कहा कि वर्तिका जोशी के नेतृत्व में भारतीय नौसेना के महिला क्रू मेम्बर्स आई एन एस वी तरिणी (INSV Tarini) पर पूरे विश्व की परिक्रमा कर रही हैं। तीन बहादुर महिलाएँ भावना कंठ, मोहना सिंह और अवनी चतुर्वेदी फाइटर पायलट बनी हैं और सुखोई-30 में प्रशिक्षण ले रही हैं। क्षमता वाजपेयी की अगुवाई वाली महिला क्रू ने दिल्ली से अमेरिका केसेन फ्रांसिसको और वापस दिल्ली तक एयर इंडिया के बोइंग जेट में उड़ान भरी।

प्रधान मंत्री ने कहा कि मुंबई का माटुंगा स्टेशन भारत का ऐसा पहला स्टेशन है जहाँ सारी महिला कर्मचारी हैं। सभी विभागों में महिला स्टाॅफ है – चाहे कमर्शियल डिपार्टमेंट हो, रेलवे पुलिस हो, टिकिट चेकिंग हो,पोइंट परसन हो,एनाउंसमेंट हो, पूरा 40 से भी अधिक महिलाओं का स्टाॅफ है।

मोदी ने कहा “इस बार बहुत से लोगों ने गणतंत्र दिवस की परेड देखने के बाद ट्विटर पर और दूसरे सोशल मीडिया पर लिखा कि परेड की एक मुख्य बात थी, बीएसएफ बाइकर काॅन्टीजेंट जिसमें सब की सब महिलाएँ भाग ले रहीं थी। साहसपूर्ण प्रयोग कर रही थीं और ये दृश्य, विदेश से आये हुए मेहमानों को भी आश्चर्यचकित कर रहा था। सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता का ही एक रूप है। आज हमारी नारी-शक्ति नेतृत्व कर रही है। आत्मनिर्भर बन रही है।”