हिमालय संरक्षण के लिए सामुदायिक चेतना जगानी होगी : रावत

देहरादून, 9 सितंबर (जस)। हिमालय दिवस के अवसर पर दून विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि जब हम हिमालय बचाओ की बात करते हैं तो स्वयं को बचाने की बात करते हैं। हिमालय को बचाना है तो हमें उन लोगों को भी अपने प्रयासों से जोड़ना होगा जिनका जीवन हिमालय पर आधारित है। हिमालय संरक्षण के लिए एक सामुदायिक चेतना जगानी होगी।

रावत ने कहा कि हिमालय के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। हिमालय दिवस हमसे समर्पण व समझ की अपेक्षा करता है। हमें एक डायरेक्ट एक्शन प्रोग्राम के रूप में खुद को समर्पित करना है। सुंदरलाल बहुगुणा जी हमारे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी ने जब वन संरक्षण अधिनियम संसद में प्रस्तुत किया था तो उन्होंने सुंदरलाल बहुगुणा जी का जिक्र किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें सजग व सचेत रहते हुए पर्यावरण की रक्षा करनी है। इसके लिए लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करनी है। हम पहले राज्य हैं जो कि पेड़ लगाने पर बोनस दे रहा है। केवल सरकारी प्रयासों से हिमालय की रक्षा नहीं की जा सकती है। इसमें व्यक्तिगत प्रयासों को भी शामिल किए जाने की जरूरत है। सतत विकास हमारे जीवन जीने का तरीका होना चाहिए। हमने वन विभाग के तहत पिछले वर्ष एक हजार जलाशय बनाए हैं और अब उन्हें 10 हजार जलाशयों का लक्ष्य दिया गया है। सिंचाई विभाग ने भी 10 बड़े जलाशय बनाए हैं।

प्रसिद्ध पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को हिमालय संरक्षण की शपथ दिलाई।