आगामी 5 साल में भोपाल देश का सर्वश्रेष्ठ शहर होगा

भोपाल, 14 अप्रैल(जनसमा)।आगामी 5 वर्ष में भोपाल देश के सर्वश्रेष्ठ शहरों में शामिल हो जायेगा। भोपाल के हेरिटेज स्वरूप को उभारने का प्रयास हो रहा है। रानी कमलापति महल का जीर्णोद्धार किया जायेगा। रानी की प्रतिमा बड़े तालाब पर स्थापित किये जाने के लिये स्थान चयन के निर्देश दियेगए हैं।

यह जानकारी मध्यप्रदेश के शिवराज सिंह चौहान ने ‘सावरकर सेतु लोकार्पण कार्यक्रम’ के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए दी।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुल निर्माण से जुड़े तकनीकी अमले को पुरस्कृत किया। शंख-ध्वनि के साथ सावरकर सेतु को लोकार्पित किया। मुख्यमंत्री का नगर निगम पदाधिकारियों ने शाल-श्रीफल से अभिनंदन किया।

उन्होंने कहा कि भोपाल के विकास में कोई कसर बाकी नहीं रहेगी। भोपाल स्मार्ट बनेगा जिसमें वर्तमान से अधिक हरियाली होगी। नगर का अदभुत स्वरूप निखरेगा।

गृह मंत्री  बाबूलाल गौर ने कहा कि भोपाल नगर के विकास की बड़ी आवश्यकता इस पुल के बनने से पूर्ण हुई है। इससे नगर का यातायात सुगम हो जायेगा। उन्होंने पुल निर्माण के लिये जन-प्रतिनिधियों के प्रयासों का भी उल्लेख किया।