आत्मनिरीक्षण बहुत हो चुका, अब कार्रवाई करने की जरूरत : दिग्विजय

नई दिल्ली, 20 मई | विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी को मिली हार के बाद कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने इंडिया टुडे टीवी को दिए गए एक साक्षात्कार में कहा, “आत्मनिरीक्षण बहुत हो चुका, अब हमें कार्रवाई करने की जरूरत है और कार्रवाई का फैसला अध्यक्ष (सोनिया गांधी) और उपाध्यक्ष (राहुल गांधी) करेंगे।”

दिग्विजय सिंह की यह टिप्पणी सोनिया गांधी के एक दिन पहले दिए गए इस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने असम, केरल, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मिली हार के बाद आत्मनिरीक्षण की बात कही थी।

सिंह ने कहा कि उन्हें सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व पर पूरा यकीन है।

पार्टी में लंबे समय से यह मांग उठ रही है कि प्रियंका गांधी अधिक सक्रिय भूमिका निभाएं। इस पर दिग्विजय सिंह का कहना है कि यह फैसला प्रियंका को ही करना है।

उन्होंने कहा, “उनके (प्रियंका ) पास करिश्मा है, वह मुखर हैं और इंदिरा गांधी और उनमें काफी समानता है।”