उप्र : दादरी से सपा प्रत्याशी विक्रम भाटी की मौत

गौतमबुद्ध नगर, 3 मई। उत्तर प्रदेश की दादरी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के घोषित प्रत्याशी विक्रम भाटी का निधन हो गया है। वह बीमार थे। उनका उपचार दिल्ली के एम्स में चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। मूल रूप से दादरी के बील अकबरपुर गांव के रहने वाले विक्रम भाटी ने अपने राजनैतिक जीवन की शुरुआत सपा में युवा नेता के रूप में शुरू की थी। बाद में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस दौरान वह अखिल भारतीय पंचायत परिषद के अध्यक्ष भी रहे। उन्हें जिला गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष बनने का सौभाग्य भी मिला। इसके बाद एक बार फिर सपा की साइकिल पर सवार हो गए।

आगामी 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव की दादरी सीट के लिए पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार घोषित किया था। पिछले कुछ दिनों से वहे बीमार चल रहे थे। उन्हें लीवर संक्रमण हो गया था। उनके निधन की खबर आने पर क्षेत्र में शोक व्याप्त है।