कालेधन और भ्रष्टाचार के सख्त खिलाफ हैं समाजवादी : अखिलेश

लखनऊ, 17 नवंबर (जस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए सभी को मिलकर काम करना पड़ेगा। समाजवादी कालेधन और भ्रष्टाचार के सख्त खिलाफ हैं। समाजवादी सरकार ने भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया है। प्रदेश सरकार की समाजवादी पेंशन योजना सहित तमाम योजनाओं में तकनीक का इस्तेमाल करके भ्रष्टाचार की सम्भावनाओं पर रोक लगाई गई है।

अखिलेश यादव बुधवार को यहां गोमती रिवरफ्रण्ट विकास परियोजना तथा गौस मोहम्मद स्टेडियम के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

इस मौके पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों एवं इंजीनियरों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमती रिवरफ्रण्ट जैसा रिवरफ्रण्ट कहीं नहीं है। यह एक आकर्षक स्थल है। इसमें जल परिवहन की व्यवस्था भी है, जिससे पुराना और नया लखनऊ आपस में जुड़ गए हैं। यह स्थल पत्थरों की तरह बेजान नहीं है, बल्कि हरा-भरा और जीवन्त होगा। बदलते मौसम के साथ यहां पौधों पर अलग-अलग तरह के फूल आएंगे, जिससे यहां की रंगत बदलती रहेगी।

अखिलेश ने कहा है कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों का संतुलित विकास तथा परियोजनाओं को समय से पूरा करके समाजवादी सरकार ने उदाहरण प्रस्तुत किया है। समाजवादी सरकार ने जनता की परेशानी दूर करने वाले काम किए हैं। सही मायने में यदि किसी सरकार ने काम किया है तो समाजवादी सरकार ने किया है। समाजवादी सरकार द्वारा किए गए विकास और जनकल्याणकारी कामों को कोई भी नजरअंदाज नहीं कर सकता। राज्य सरकार ने राजधानी लखनऊ सहित हर जिले में किसी न किसी बड़ी एवं महत्वपूर्ण परियोजना पर काम किया है।