टीकाकरण

कोविड-19 टीकाकरण : भारत में करीब 50 लाख लोगों का टीकाकरण

कोविड-19 टीकाकरण : भारत में करीब 50 लाख लोगों के कोविड-19 से बचाव का टीका लग गया है और देश भर में सबसे अधिक टीकाकरण उत्‍तर प्रदेश में हुआ है।

देशभर में चल रहे कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत 5 फरवरी, 2021 को सुबह 8 बजे तक करीब 50 लाख (49,59,445) लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

पिछले 24 घंटों में 11,184 सत्रों में 5,09,893 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इसके लिए अब तक 95,801 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं।

कुल जितने लोगों को टीका लगाया गया है, उनमें से 61 प्रतिशत आठ राज्‍यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों से हैं। देश भर में हुए टीकाकरण अभियान में सबसे अधिक टीकाकरण 11.9 प्रतिशत  (5,89,101) उत्‍तर प्रदेश में हुआ है।

सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि देश के 14 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों से पिछले 24 घंटे में मौत का एक भी मामला सामने नहीं आया है।

भारत में प्रति दस लाख की आबादी पर 112 मौतें दर्ज हुई हैं और वह विश्‍व के उन देशों में शामिल हो गया है, जहां सबसे कम मौतें दर्ज हुई हैं।

भारत में प्रति दस लाख की आबादी पर 7,828 मामले दर्ज हो रहे हैं और वह विश्व भर में सबसे कम मामले दर्ज करने वाले देशों में शामिल हो गया है।

रूस, जर्मनी, इटली, ब्राज़ील, फ्रांस, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों में यह संख्या कहीं ज्यादा है।