क्रांतिकारी तात्या टोपे पर 200 रू. का स्मृति सिक्का जारी किया गया

नई दिल्ली, 19 अप्रैल(जनसमा)।  केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन और नागर विमानन राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने मंगलवार को महान क्रांतिकारी तात्या टोपे के बलिदान दिवस के अवसर पर 200 रूपये का स्मृति सिक्का और दस रूपये का प्रचलन सिक्का जारी किया।

भारत सरकार, महाराष्ट्र राज्य सरकार के सहयोग से येवला, नासिक में तात्या टोपे की स्मृति में एक स्मारक का निर्माण करके बुनियादी ढांचे के निर्माण के बारे में भी विचार कर रही है। इसी प्रकार मध्य प्रदेश राज्य सरकार के साथ मिलकर भोपाल में एक युद्ध संग्रहालय की स्थापना भी विचाराधीन है।

आजादी की पहली लड़ाई के सबसे उत्कृष्ट नेताओं में से एक तात्या टोपे एक महान देशभक्त थे। अंग्रेजों की सेना ने उन्हें 7 अप्रैल, 1859 को गिरफ्तार किया था और ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए बहुत जल्दबाजी में उनके मुकदमें का फैसला करने के बाद उन्हें 18 अप्रैल, 1859 को शिवपुरी जेल में फांसी पर लटका दिया गया था।

संस्कृति मंत्रालय महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश राज्य सरकारों के सहयोग से 2015-16 के दौरान तात्या टोपे की 200वीं जयंती मना रहा है। महाराष्ट्र राज्य सरकार ने 28 फरवरी, 2016 को पुणे के शनिवारवाड़ा में उदघाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इससे पूर्व 26 फरवरी,2016 से शौर्य महोत्सव नामक  तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित किया गया।

नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय (एनएमएमएल) ने 16 फरवरी, 2016 को तात्या टोपे पर विशेष व्याख्यान और सम्मेलन का आयोजन किया था।