गीता जयंती समारोह आस्ट्रेलिया के सिडनी में

गीता जयंती समारोह 28 से 30 अप्रैल तक आस्ट्रेलिया में

गीता जयंती समारोह आस्ट्रेलिया के सिडनी में 28 से 30 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है।

आस्ट्रेलिया में बड़े स्तर पर 28 से 30 अप्रैल, 2023 को गीता जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश की धार्मिक और सामाजिक संस्थाएं पवित्र ग्रंथ भगवद्गीता के उपदेशों का श्रवण करेंगे ।

हरियाणा सरकार के एक प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गीता महोत्सव के दौरान ऑस्ट्रेलिया की संसद में एवं अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भगवद्गीता पर सेमिनार भी आयोजित होगा।

गीता जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए ऑस्ट्रेलिया की लगभग 70-80 संस्थाएं मिलकर यह महोत्सव आयोजित कर रही हैं और हरियाणा सरकार व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड का प्रोत्साहन उनके साथ है।

प्रवक्ता ने बताया कि 28 से 30 अप्रैल तक आयोजित होने वाले 3 दिवसीय उत्सव से पहले आज बड़े पैमाने पर चित्रकला, गीता पाठ, निबंध लेखन और रंग भरने की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सामूहिक रूप से इन प्रतियोगिताओं में 250 से अधिक व्यक्तियों की शानदार भागीदारी रही। प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के कलाकारों और प्रतिभागियों ने भाग लिया।

आईजीएम 2023 के कार्यक्रम संयोजक और ऑस्ट्रेलिया में हरियाणवी संघ के अध्यक्ष सेवा सिंह ने कहा कि विजेताओं को भागीदारी प्रमाण पत्र और पुरस्कार 30 अप्रैल, 2023 को सिडनी में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी के दौरान दिए जाएंगे।

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा के अनुसार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव भारत से बाहर अन्य देशों में मनाया जाए जिससे भगवद्गीता को वैश्विक पहचान मिले और यह विश्व के सामने आ सके। इससे पहले मॉरिशस, इंग्लैंड और कनाडा में भी गीता महोत्सव हो चुके हैं और अब चौथा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आस्ट्रेलिया में हो रहा है।