जाट आंदोलन से हरियाणा में शनिवार को भी स्थिति तनावपूर्ण

रोहतक/चंडीगढ़, 20 फरवरी। हरियाणा में लगभग एक सप्ताह पहले शुरू हुए जाट आरक्षण आंदोलन ने शनिवार को भी उग्र रूप ले रखा है। रोहतक जिले में इस आंदोलन का सबसे अधिक असर देखा जा रहा है। आंदोलनकारियों ने कई सड़क मार्गो को बंद कर रखा है। रोहतक और भिवानी में शुक्रवार शाम कर्फ्यू लगा दिया गया और प्रशासन ने उपद्रवियों को देखते ही गोली मार देने का आदेश दिया है।

फोटोः हरियाणा के रोहतक में 19 फरवरी को आरक्षण की मांग करते आंदोलनकारी  (आईएएनएस)

जाट आरक्षण आंदोलनमें अब तक तीन लोगों की मौत और सुरक्षा बल के जवानों सहित दर्जनों लोगों के घायल होने के समाचार मिल रहे हैं। इस आंदोलन के कारण करीब 550 ट्रेनें या तो रद्द कर दी गईं या फिर उनके मार्गो में बदलाव कर दिया गया। स्थिति से निपटने के लिए राज्य के कई जिलों में सेना को बुलाया गया है परंतु सड़क मार्ग बाधित होने के कारण सेना की तैनाती हेलीकॉप्टरों के जरिये की करनी पड़ी है, क्योंकि  रोहतक शहर में शुक्रवार रात भी लूटपाट और आगजनी की घटनाओं की सूचनाएं मिली हैं।

लगातार उग्र हो रहे आंदोलन की तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शासन द्वारा आठ जिलों- रोहतक, भिवानी, झज्जर, सोनीपत, हिसार, पानीपत, जिंद और कैथल में सेना के जवानों की तैनाती की गई है।

खबर मिली है कि अनियंत्रित भीड़ ने मॉल, दुकानों और अन्य इमारतों को निशाना बनाया और इनमें से कई को आग के हवाले कर दिया। वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने कई खेप में जवानों को रोहतक के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाया। वायुसेना के हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन्स परिसर में उतरे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “करीब 20-30 जवानों को हेलीकॉप्टरों से रोहतक लाया गया है। उन्हें उन इलाकों में तैनात किया जाएगा, जहां जाट प्रदर्शनकारियों का सर्वाधिक प्रभाव है।”

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हरियाणा के आठ जिलों- रोहतक, भिवानी, झज्जर, सोनीपत, हिसार, पानीपत, जिंद और कैथल जिलों में सेना बुलाई गई है। जाट समुदाय के लोग सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण की मांग कर रहे हैं।

रोहतक में प्रशासन ने सेना के फ्लैग मार्च को देखते हुए लोगों को शनिवार सुबह 9.30 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलने के लिए कहा है। सेना ने भिवानी में भी फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों के अनुसार, यहां स्थिति नियंत्रण में है।

समाचारों के अनुसार, दिल्ली से 50 किलोमीटर दूर सोनीपत में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-1 (एनएच-1) को प्रदर्शनकारियों ने बंद कर दिया है। दिल्ली-अंबाला रेवले ट्रैक भी शुक्रवार शाम से ही बंद है। रेलवे अधिकारियों द्वारा कई ट्रेनों को रद्द किए जाने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शुक्रवार को भीड़ ने रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) के कार्यालय पर भी हमला किया और वित्त मंत्री अभिमन्यु के घर में भी आग लगा दी।आंदोलन से प्रभावित कई जिलों में इंटरनेट और एसएमएस सेवा भी बंद कर दी है।