Deepika Kumari

दीपिका कुमारी बनीं दुनिया की नंबर 1 महिला तीरंदाज

पेरिस में आयोजित हुए तीरंदाजी विश्व कप स्टेज 3 में भारत की दीपिका कुमारी (Deepika Kumar) गोल्डन गर्ल बनकर सामने आईं, दीपिका तीन स्वर्ण पदक जीतकर महिला रिकर्व तीरंदाजी विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई हैं।

दीपिका कुमारी ने  263.7 अंकों के साथ, दो स्थान चढ़कर पहले स्थान पर कब्जा किया। इससे पहले वो 2012 में पहली बार दुनिया की नंबर वन तीरंदाज बनी थीं। फ्रांस की लिसा बारबेलिन (Lisa Barbelin) 225.5 अंकों के साथ दूसरे और कोरिया की कांग चाए यंग (Kang Chae Young) 208 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

टोक्यो जाने वाली इस भारतीय महिला तीरंदाज ने सोमवार को संपन्न हुए पेरिस विश्व कप के बाद विश्व नंबर 1 रैंकिंग हासिल की।

दीपिका कुमारी ने महिलाओं की व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता और महिलाओं की रिकर्व और मिक्स्ड टीमों को स्वर्ण पदक दिलाने में मदद की।

एक नंबर वन महिला रिकर्व तीरंदाज के रूप में अगले महीने से शुरू होने वाले टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेना, निस्संदेह दीपिका कुमारी के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन होगा।

दो बार की ओलंपियन लंदन 2012 और रियो 2016 से खाली हाथ लौटी थीं, लेकिन उनका लक्ष्य टोक्यो 2020 में अपना ओलंपिक पदक जीतना है।

दीपिका कुमारी ने विश्व तीरंदाजी को बताया, “हमारे देश के पास तीरंदाजी में कोई ओलंपिक पदक नहीं है। ओलंपिक पदक जीतना बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए ये मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है,”

दीपिका कुमारी की भारतीय महिला रिकर्व टीम की साथी अंकिता भकत (Ankita Bhakat) रैंकिंग में 34वें और कोमलिका बारी (Komalika Bari) 94वें स्थान पर हैं।

पुरुषों की रिकर्व तीरंदाजी रैंकिंग में दीपिका कुमारी के पति अतानु दास (Atanu Das) नौवें स्थान पर हैं, जो भारत के सबसे उच्च रैंकिंग वाले पुरुष तीरंदाज भी हैं।

अतानु दास के साथी प्रवीण जाधव (Pravin Jadhav) और तरुणदीप राय (Tarundeep Rai) पुरुष वर्ग में 41वें और 58वें स्थान पर हैं।

दीपिका कुमारी, अतानु दास, तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव टोक्यो में भारतीय तीरंदाजी दल में होंगे।

पेरिस विश्व कप में एक व्यक्तिगत पुरुष स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के कंपाउंड तीरंदाज अभिषेक वर्मा (Abhishek Verma) पुरुषों की कंपाउंड रैंकिंग में 14 स्थान की छलांग लगाकर आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

ज्योति वेन्नम (Jyothi Vennam) 17वें स्थान पर हैं, जो महिला कंपाउंड श्रेणी में सर्वोच्च रैंक वाली भारतीय तीरंदाज हैं।

—विवेक कुमार सिंह