यंग लीडर्स

दुनिया के यंग लीडर्स मिलकर कार्य करें,योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रयास है कि दुनिया के यंग लीडर्स लोकतन्त्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को दोहराते हुए मिलकर कार्य करें, तो देश व दुनिया में मानवता का मार्ग प्रशस्त होगा।

मुख्यमंत्री आज 29 जनवरी, 2023 को लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद, विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के जेन नेक्स्ट डेमोक्रेसी नेटवर्क प्रोग्राम में सम्मिलित हो रहे 07 देशों, बोत्सवाना, हंगरी, जापान, कनाडा, इण्डोनेशिया, अर्जेन्टीना तथा लिथुआनिया के यंग लीडर्स के साथ आहूत बैठक में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

प्रदेश की जनता व राज्य सरकार की ओर से प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां उपस्थित सभी यंग लीडर्स दुनिया की प्राचीन नगरी काशी का भ्रमण कर यहां आये हैं। उत्तर प्रदेश भारत की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक व्यवस्था का प्रतिनिधित्व करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के कुल खाद्यान्न उत्पादन में प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है। देश की 11 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि के साथ देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन का 20 प्रतिशत खाद्यान्न का उत्पादन प्रदेश में होता है। उत्तर प्रदेश देश में गन्ना एवं दुग्ध उत्पादन में भी प्रथम स्थान पर है। विगत कुछ वर्षों में राज्य में हुए इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेण्ट सेे देश व प्रदेश में एक नया विश्वास जगा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान के यंग लीडर्स भी जेन नेक्स्ट डेमोक्रेसी नेटवर्क प्रोग्राम के तहत आज यहां आये हैं। भारत व जापान के बीच सांस्कृतिक सम्बन्ध प्राचीन काल से हैं। भगवान बुद्ध की पवित्र ज्ञान प्राप्ति की भूमि एवं महापरिनिर्वाण स्थल भारत में ही है। बौद्ध धर्म भारत से जापान गया था। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने भारत जापान सांस्कृतिक सम्बन्ध के रूप में काशी में रूद्राक्ष कन्वेशन सेन्टर को आगे बढ़ाया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज यहां इण्डोनेशिया के यंग लीडर्स आये हैं। इण्डोनेशिया की रामलीला पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिवर्ष भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में इण्डोनेशिया की रामलीला को आमंत्रित किया जाता है। जनपद अयोध्या में इण्डोनेशिया के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रामलीला लोगों का मन मोह लेती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया में प्राचीन काल से ही वसुधैव कुटुम्बकम के मूल्यों, सिद्धान्तों व आदर्शों के लिए जाना जाता रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में हम सभी के लिए अत्यन्त गौरव का विषय है कि दुनिया के 20 सबसे बड़े देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता का अवसर देश को प्राप्त हुआ है।

जी-20 समिट भारत के प्राचीन ध्येय वाक्य वसुधैव कुटम्बकम को आगे बढ़ाने में मदद करेगी।

इस सम्मेलन की थीम ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ है। वसुधैव कुटुम्बकम के इस भाव के लिए दुनिया के सभी देश मिलकर कार्य कर रहे हैं। दुनिया के जिन देशों में लोकतन्त्र को किसी न किसी रूप में अंगीकार किया है, वह दुनिया को नई प्रेरणा प्रदान कर सकते हैं।

इस अवसर पर 07 लोकतान्त्रिक देशों के 27 यंग लीडर्स प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष देश व प्रदेश के भ्रमण के सम्बन्ध में अपने अनुभव साझा किये। प्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार से मिल रहे सहयोग के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री जी द्वारा ओ.डी.ओ.पी के उपहार भेंट किये गये।