पूर्व लोकसभा अध्यक्ष लोकप्रिय जननेता पी.ए. संगमा नहीं रहे

नई दिल्ली, 04 मार्च। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और  मेघालय के लोकप्रिय जननेता पी.ए. संगमा नहीं रहे। वे 68 साल के थे। लोकसभा में आज उनको श्रद्धांजलि दी गई और उनके सम्मान में लोकसभा स्थगित कर दी गई।

बताया जाता है कि हृदयाघात के कारण दिल्ली में उनके घर पर उनका देहांत हुआ।

संगमा का जन्म 1 सितंबर 1947 को मेघालय के पश्चिमी गारो हिल्स जिले के चपाथी गांव में हुआ था। पत्नी के. संगमा और तीन संतानों के पिता संगमा लोकप्रिय राजनेता थे।

मेघालय और दिल्ली की राजनीति में वे बरसों तक प्रभावशाली रहे। 1988 से 1990 तक वे मेघालय के मुख्यमंत्री रहे।

वे 8 बार लोकसभा के लिए चुने गए। उन्होंने 2012 में राष्ट्रपति का चुनाव भी लड़ा किन्तु वह हार गए थे। उन्होंने वर्तमान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को कड़ी टक्कर दी थी।

संगमा की पुत्री अगाथा संगमा भी राजनीति में सक्रिय हैं और वह पन्द्रहवीं लोकसभा में सबसे कम उम्र की सांसद थीं।

पी.ए. संगमा ने केंद्र सरकार में कोयला, श्रम, सूचना एवं प्रसारण जैसे मंत्रालयों का कार्यभार भी संभाला था।