पंजाब में अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

चंडीगढ़, 16 मार्च | पंजाब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरिंदर सिंह ने गुरुवार को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर ने उन्हें राजभवन में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

भारतीय सेना में कैप्टन रहे अमरिंदर ने अंग्रेजी भाषा में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

अमरिंदर (75) ने पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर दूसरी बार शपथ ली है। इससे पहले वह 2002-2007 के बीच राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे।

पंजाब मंत्रिमंडल में दो महिलाओं सहित नौ मंत्रियों को भी शामिल किया गया है।

ब्रह्म मोहिन्द्र, नवजोत सिंह सिद्धू, मनप्रीत बादल, चरनजीत सिंह चन्नी, राणा गुरजीत सिंह, साधु सिंह धरमोसोट और त्रिप्ट राजिंदर सिंह बाजवा को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। मंत्रिमंडल में शामिल दो महिलाओं में अरुणा चौधरी और रजिया सुल्तान हैं। दोनों स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री बनाई गई हैं।

शपथ-ग्रहण समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा, भूपिंदर सिंह हुड्डा, कपिल सिब्बल, राज बब्बर, अंबिका सोनी, राजीव शुक्ला, सचिन पायलट, राज्यसभा सांसद सुभाष चंद्र, अशोक गहलोत और अशा कुमारी भी शपथ-ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

अमरिंदर के परिवार से उनकी पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रणीत कौर समारोह में मौजूद रहीं। उनके पाकिस्तानी मित्र अरुसा आलम भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

पंजाब की वित्तीय समस्या को देखते हुए अमरिंदर के अनुसार इस शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन बेहद सादे तरीके से किया गया।

कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान के दौरान यह बात सामने आई थी कि पंजाब पर 200,000 करोड़ रुपये का कर्ज है।

कांग्रेस ने 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में 77 सीटों पर जीत हासिल की है।     –आईएएनएस

(फाइल फोटो)