पश्चिम बंगाल सरकार के भ्रष्टाचार का सबूत है कोलकाता फ्लाईओवर हादसा : शाह

नई दिल्ली, 31 मार्च। गुरुवार दोपहर कोलकाता में एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिर जाने के कारण हुई भीषण दुर्घटना के बाद अब राजनीति का दौर शुरू हो गया है।

इस हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों के प्रति संवेदना जताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा ने कहा है कि यह दुर्घटना साफ तौर पर राज्य में भ्रष्टाचार का सबूत है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एक ट्वीट के जरिए कहा, “कोलकाता में निर्माणाधीन पुल गिरने के बारे में जानकर दुख हुआ। राज्य इकाई को बचाव अभियान में सहयोग देने का निर्देश दे दिया है।”

उधर, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा है कि कोलकाता में फ्लाईओवर हादसा स्थल पर राहत और बचाव अभियानों में पश्चिम बंगाल सरकार को हर संभव सहायता दी जा रही है। रिजिजू ने कहा, “राहत और बचाव अभियानों के लिए केंद्रीय बल वहां पहले से ही मौजूद हैं। यह एक संयुक्त प्रयास है और आगे भी जिस प्रकार की भी मदद की जरूरत होगी, वह मुहैया कराई जाएगी।” उन्होंने कहा कि दुर्घटना में बचे लोगों को राहत पहुंचाना प्राथमिकता है।

उत्तरी कोलकाता में गणेश टाॅकीज के पास गुरुवार दोपहर को एक निर्माणाधीन पुल के गिर जाने से शाम 4.30 बजे तक प्राप्त समाचारों के अनुसार 17 लोगों के मरने और लगभग 70 लोगों के घायल होने की खबर है।