पिथौरागढ़ में हरीश रावत ने सुनी लोगों की समस्या

पिथौरागढ़, 2 जनवरी। दो दिवसीय भ्रमण के दौरान उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा आज स्थानीय लोनिवि निरीक्षण भवन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई जनता की समस्याएं सुनी तथा जनता द्वारा मुख्यमंत्री को अपनी एवं अपने क्षेत्र में संबंधित समस्याओं से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने जनता द्वारा उठाई गई समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए जनपदस्तर की समस्याओं के तुरन्त समाधान के लिए जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता द्वारा जो समस्याएं उनके समक्ष रखी गई हैं, उनका निर्धारित समय पर प्रथामिकता से समाधान किया जाए तथा क्षेत्र के विकास हेतु जो भी योजनाएं तैयार की जानी हैं उनका शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए।

उन्होंने क्षेत्र एवं जनता की विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु दूरस्थ क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविर लगाकर समस्याओं का समाधान करने के भी निर्देश दिये। मुख्यमंत्री रावत ने जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को निर्देश दिए की विकास कार्यों को तेजी से किये जाने हेतु अधिकारियों का क्षेत्रीय एंव ग्रामीण भ्रमण कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त धनराशि को समय पर व्यय करना सुनिश्चित किया जाये।

मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों व जनता को नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि वह विकास के क्षेत्र में राज्य को आगे ले जाने में अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा की वर्ष 2016 में हमारा लक्ष्य प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में नये आयाम विकसित करने का है ताकि सम्पूर्ण देश एवं विश्व से यहां अधिक से अधिक संख्या में पर्यटक आएं ताकि राज्य के लोगों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने विशेष रूप से राज्य में शिक्षा, खेती, संस्कृति, हस्तशिल्प व पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ने में सभी से अपना व्यक्तिगत सहयोग देने की बात कही इसके उपरान्त् मुख्यमंत्री वयोवृद्व कांग्रेस नेत्री सरोज रावल एवं वयोवृद्व सेवानिवृत्त अधिकारी कल्याण सिंह रावल के आवास चिमस्यानौला पहुंचकर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। इसके बाद मुख्यमंत्री पैदल चलकर लिंक रोड पहुंचे जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर सभी को नववर्ष की बधाई दी।