बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री

बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को ब्लॉक करने के आदेश

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी नियम 2021 के तहत यूट्यूब पर बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री के पहले एपिसोड इंडिया: द मोदी क्वेश्चन को ब्लॉक करने के आदेश दिए हैं।

सूत्रों ने बताया है कि विदेश, गृह और सूचना तथा प्रसारण सहित कई मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने डॉक्यूमेंट्री की जांच की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कहा था कि बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री दुष्प्रचार है जो उद्देश्यहीन और औपनिवेशिक मानसिकता को दर्शाता है।

बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को भारत में प्रसारित नहीं किया गया था, लेकिन कुछ यूट्यूब चैनलों ने भारत विरोधी एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए इसे अपलोड किया है।

आकाशवाणी के अनुसार यूट्यूब को निर्देश दिए गए हैं कि वीडियो को दोबारा अपलोड करने पर भी ब्लॉक कर दिया जाए। ट्विटर को अन्य प्लेटफॉर्म पर वीडियो के लिंक वाले ट्वीट्स की पहचान करने और ब्लॉक करने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों का कहना है कि डॉक्यूमेंट्री से देश की संप्रभुता और अखंडता तथा विदेशों के साथ भारत के मैत्रीपूर्ण संबंधों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इससे देश की सार्वजनिक व्यवस्था पर भी गलत असर पड़ने की संभावना है।