मणिपुर भूकंप में आठ लोगों ने गंवाई जान, 88 घायल

नई दिल्ली, 5 जनवरी। कैबिनेट सचिव पी.के. सिन्हा ने भूकंप प्रभावित मणिपुर में जारी राहत कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति के साथ बैठक की। मणिपुर के मुख्य सचिव ने भी इस बैठक में वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया।
फोटोः 4 जनवरी 2016 को 6.7 तीव्रता से आए भूकंप में क्षतिग्रस्त मणिपुर का एक मकान
केंद्र ने कहा है कि मणिपुर में जबर्दस्‍त भूकंप के बाद तलाश, बचाव और राहत के काम में मणिपुर सरकार की सभी आवश्यक मदद की जा रही है। वहीं राज्य सरकार से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार मणिपुर में भूकंप के कारण 8 लोगों ने अपनी जान गंवाई जबकि 88 लोग घायल हो गये। राज्य में भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जोर-शोर से चल रहे हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की दो टीमें तैनात की गई हैं। असम राइफल्स और स्वयंसेवी संगठन भी राहत कार्यों में मदद कर रहे हैं।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 65 सदस्यों के दल ने इम्फाल और तामिंगलोंग में राहत कार्य शुरू कर दिये हैं। भूकम्प की सबसे अधिक मार तामिंगलोंग के अलावा इम्फाल पूर्व और इम्फाल पश्चिम जिलों में पड़ी है।
राज्य के हर जिले में राहत कार्यों की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष बनाये गए हैं और चिकित्सा दल गठित किये गए हैं। राज्य भर में सभी शिक्षा संस्थाएं आज से एक सप्ताह के लिए बंद कर दी गई हैं। सभी सरकारी कार्यालय भी आज और कल बंद रहेंगे।
(हि.स.)