विश्व बैंक के सहयोग से होगा मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों का विकास

भोपाल, 07 मई (जनसमा)। मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए विश्व बैंक के सहयोग से मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा समन्वित पर्यटन विकास परियोजना के क्रियान्वयन की शुरूआत की जा रही है। प्रथम चरण में ओरछा, खजुराहो, पन्ना, भोपाल, साँची तथा भीमबैठका, सर्किट को इसमें शामिल किया गया है। मध्यप्रदेश स्थित तीन विश्व धरोहर- खजुराहो, साँची और भीमबैठका पर इस प्रोजेक्ट में सबसे पहले ध्यान दिया जा रहा है। यह जानकारी मुख्यमंत्री के सचिव एवं एम.डी. पर्यटन हरि रंजन राव ने शनिवार को यहाँ विश्व बैंक एवं पर्यटन विकास निगम के तत्वावधान में ‘मध्यप्रदेश में समन्वित पर्यटन विकास परियोजना’ पर कार्यशाला में दी।

हरिरंजन राव ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएँ हैं। ‘पर्यटन से रोजगार सृजन’ राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस प्रोजेक्ट के जरिये पर्यटन विकास का लाभ लोगों तक पहुँच सके। इस उद्देश्य से ‘बेहतर कार्य पद्धति’ को अपनाने की जरूरत है। राव ने उम्मीद जाहिर की कि कार्यशाला के जरिये सार्थक विमर्श से प्रोजेक्ट पर तेजी से काम करने में मदद मिलेगी।

विश्व बैंक की स्टेफनिया ने विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल खजुराहो का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्राचीन विश्व धरोहर है। जरूरत इस बात की है कि पर्यटक खजुराहो के मंदिरों को देखकर खजुराहो को महसूस भी करें। पर्यटक, मध्यप्रदेश में ज्यादा वक्त बिताएं। उन्होंने उत्तरप्रदेश के अपने अनुभव साझा करते हुए आगरा के ताजमहल को देखने आने वाले पर्यटकों की मन:स्थिति से अवगत करवाया। राज्य समन्वयक विक्रम मेनन ने कहा कि विश्व में पर्यटन तेजी से बढ़ता क्षेत्र है जिसका अर्थ-व्यवस्था एवं रोजगार की दृष्टि से खास स्थान है।