मध्यप्रदेश के सभी गाँव 2022 तक मुख्य सड़क से जुड़ेंगे : शिवराज

भोपाल, 26 अप्रैल (जनसमा)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश के सभी गाँव को वर्ष 2022 तक मुख्य सड़क से जोड़ दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि गाँव के विकास से ही देश का विकास होगा। शिवराज सिंह चौहान सोमवार को इंदौर जिले के सांवेर विकासखण्ड के ग्राम बूढ़ी बरलाई की ग्रामसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गाँव की सड़कों को मुख्य सड़क से जोड़ने की रणनीति तैयार कर ली गई है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पिछले 13 वर्ष में सभी क्षेत्र में विकास हुआ है। कृषि उत्पादन को बढ़ाने के लिये सिंचाई का रकबा बढ़ाया गया है। नर्मदा नदी को क्षिप्रा नदी से जोड़ा गया है। आने वाले समय में प्रदेश की अन्य प्रमुख नदियों को एक-दूसरे से जोड़े जाने का कार्य प्राथमिकता से किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 31 मई तक ग्रामोदय से भारत उदय अभियान निरंतर चलेगा। अभियान में न केवल ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जायेगा, बल्कि सरकार की हितग्राहीमूलक योजना में हितग्राहियों का चयन किया जायेगा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि में अभूतपूर्व तरक्की की वजह से प्रदेश को पिछले 4 वर्ष से केन्द्र सरकार से कृषि कर्मण अवार्ड मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को परम्परागत फसलों के उत्पादन के साथ-साथ फलों और फूलों की खेती की तरफ बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 2 लड़कियों वाले दम्पत्तियों को 55 साल की उम्र के बाद पेंशन देगी। नि:संतान महिलाओं को इलाज के लिये आर्थिक सहायता दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना से स्त्री-पुरुष के लिंगानुपात में भी सुधार हुआ है।