मध्यप्रदेश के हर जिले को समस्यामुक्त बनाया जायेगा : शिवराज

भोपाल, 17 मई (जनसमा)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को यहाँ मंत्रालय में वीडियो क्रांफ्रेंसिंग के जरिये ‘ग्रामोदय से भारत उदय’ अभियान की समीक्षा  के दौरान कहा कि कहा है कि मध्यप्रदेश के हर जिले को समस्यामुक्त बनाया जायेगा। ‘ग्रामोदय से भारत उदय’ की अभियान में जिलों में जो कार्य करने को शेष बचे हैं, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाये। इन कार्यों की क्रॉस चेकिंग प्रभारी मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जायेगी। इन कार्यों के आधार पर ही जिला कलेक्टरों की ए.सी.आर लिखी जायेगी।

चौहान ने जिला कलेक्टरों से कहा कि महत्वाकांक्षी अभियान ‘ग्रामोदय से भारत उदय’ में निर्धारित कार्यों को पूरा करने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखें। यह अभियान हर वर्ष चलेगा। अभियान की जानकारी की रिर्पोटिंग ठीक तरह से की जाये। अभियान के दौरान प्रत्येक जिले में किये गये कार्यों एवं बनाई गई कार्य-योजना की एक पुस्तिका तैयार की जाये, जो विकास कार्यों का आधार होगी।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में अभियान के दौरान किये गये कार्यों की जानकारी ली। साथ ही पेंशन वितरण व्यवस्था में सुधार, पेयजल आपूर्ति का समुचित प्रबंध करने तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आगामी वीडियो कांफ्रेंसिंग जो 31 मई को की जायेगी, उसमें सभी जिला कलेक्टरों को अपने जिले की उपलब्धियाँ तथा कमियों को दूर करने के उपाय बताने के लिये पाँच -पाँच मिनट का समय दिया जायेगा। इस दौरान प्रभारी मंत्री एवं अन्य जन-प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। चौहान ने कहा कि अंतिम ग्राम सभा पूरे प्रदेश में एक साथ आगामी एक जून को की जायेगी।

शिवराज ने कहा कि इस वर्ष लगभग दस करोड़ पौधे लगाये जाने है। इसकी तैयारी पहले से कर ली जाये। उन्होंने कहा कि नर्मदा के दोनों किनारों पर एक-एक किलोमीटर वृक्षारोपण किया जाना है। यह अभियान आगामी देवउठनी ग्यारस से शुरू किया जायेगा। इसके लिये उपलब्ध सरकारी एवं निजी भूमि की जानकारी ली जाये। साथ ही किसानों को अपने खेतों में फलदार पौधे लगाने के लिये प्रोत्साहित किया जाये। चौहान ने खरीफ फसल की तैयारी तथा किसानों को अधिक से अधिक दलहन फसलें लेने के लिये प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये।