मध्यप्रदेश में 16 मार्च से शुरू हो रहा है गेहूँ खरीदी का कार्य

भोपाल, 15 मार्च (जनसमा)। मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी का कार्य 16 मार्च से शुरू हो रहा है। मध्यप्रदेश में इस वर्ष 1525 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी किए जाने की बात मध्यप्रदेश सरकार ने कही है।

उज्जैन में इस वर्ष होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी का कार्य 16 मार्च से 20 अप्रैल तक किया जायेगा। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में खरीदी 16 मार्च से शुरू होकर 14 मई तक चलेगी। ग्वालियर, चम्बल, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में गेहूँ खरीदी का कार्य 25 मार्च से 26 मई तक किया जायेगा।

इस वर्ष उपार्जन केन्द्रों पर गेहूँ बेचने के लिये 19 लाख 34 हजार से अधिक किसान ने पंजीयन करवाया है। इस वर्ष प्रदेश में गेहूँ उपार्जन के लिये करीब 3000 खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं। उपार्जन केन्द्रों पर बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। खरीदी के दौरान करीब पौने तीन लाख गठान की आवश्यकता होगी।

मध्यप्रदेश में इस वर्ष 75 लाख मीट्रिक टन गेहूँ उपार्जन का अनुमान लगाया गया है। पिछले वर्ष प्रदेश में 73 लाख 9 हजार मीट्रिक टन गेहूँ की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गयी थी। किसानों को उनकी उपज के बदले 10 हजार 184 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था।

किसानों को अपनी उपज बेचने में असुविधा न हो, इसके लिये उन्हें एसएमएस के माध्यम से उपार्जन केन्द्र में पहुँचने की तिथि की जानकारी दिये जाने की व्यवस्था की गयी है। समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के लिये स्टेट सिविल सप्लाइज कारपोरेशन को नोडल एजेंसी बनाया गया है। गेहूँ उपार्जन के बाद उनके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की गयी है।