प्रदर्शनी

महिलाएं और राष्ट्र निर्माण, 1857 से गणतंत्र तक प्रदर्शनी

प्रदर्शनी 30 अप्रैल 2023 तक जनता के लिए खुली रहेगी।

नई दिल्ली, 11 मार्च। “महिलाएं और राष्ट्र निर्माण: 1857 से गणतंत्र तक” प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय अभिलेखागार में किया।  

महिलाएं और राष्ट्र निर्माण : 1857 से गणतंत्र तक” प्रदर्शनी राष्ट्र निर्माण एवं स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करती है और उनके योगदान के अज्ञात पहलुओं पर प्रकाश डालती है। 

प्रदर्शनी अभिलेखीय भंडार की आधिकारिक फाइलों, प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के निजी कागजातों और साथ ही एनएआई पुस्तकालय में रखी दुर्लभ पुस्तकों के समृद्ध संग्रह से निकाले गए मूल दस्तावेजों का एक संग्रह प्रस्तुत करती है।

इस प्रदर्शनी में भारत के राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में जानी-मानी, अपेक्षाकृत कम ज्ञात के साथ-साथ अनजान एवं गुमनाम महिलाओं के योगदान शामिल हैं। इसमें 1857 से लेकर 1950 तक की 93 से अधिक वर्षों की यात्रा शामिल है। इन महिला हस्तियों का संबंध विविध पृष्ठभूमि से था और वे विविध पेशे से जुड़ी हुई थीं। उनकी पहचान स्वतंत्रता सेनानी, सैनिक (आईएनए), समाज सुधारक, शिक्षाविद और साहित्यकार के रूप में की गई थी।

यह प्रदर्शनी 30 अप्रैल 2023 तक शनिवार, रविवार और राष्ट्रीय अवकाश सहित प्रत्येक दिन सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक जनता के देखने के लिए खुली रहेगी।