मोदी ने कहा

मोदी ने कहा, आज पूरा विश्व विस्तारवादी ताकतों से परेशान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आज पूरा विश्व विस्तारवादी ताकतों से परेशान हैं। विस्तारवाद, एक तरह से मानसिक विकृति है और अठ्ठारहवीं शताब्दी की सोच को दर्शाता है।

राजस्थान के जैसलमेर जिले में ऐतिहासिक लोंगेवाला पोस्ट पर 14 नवंबर, 2020, शनिवार को सैनिकों के साथ दीपावली मनाने के साथ ही जवानों को संबोधित करते हु उन्होंने चीन का बिना नाम लिये यह भी कहा किइस सोच के खिलाफ भी भारत प्रखर आवाज बन रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत की रणनीति स्पष्ट है और वह आपसी समझ तथा दूसरों को समझने का अवसर देने की नीति पर विश्वास रखता है। यदि कोई हमें परखने का प्रयास करेगा, तो उसे उसका गंभीर जवाब मिलेगा।

मोदी ने कहा कि आज भारत बहुत तेजी के साथ अपने डिफेंस सेक्टर को आत्मनिर्भर बनाने की तरफ बहुत तेजी से कदम उठा रहा है, आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने दो टूक कहा ‘रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत, देश के बढ़ते हुए इस सामर्थ्य का लक्ष्य है- सरहद पर शांति। आज भारत की रणनीति साफ है, भारत की रणनीति स्पष्ट है। आज का भारत समझने और समझाने की नीति पर विश्वास करता है, समझने की भी और समझाने की भी, लेकिन अगर हमें आज़माने की कोशिश की, फिर तो जवाब भी उतना ही प्रचंड मिलेगा।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जवानों ने लोंगेवाला में असीम शौर्य का परिचय दिया और जब भी भारतीय सैनिकों की गाथा लिखी और पढ़ी जाएगी, इस युद्ध को जरूर याद किया जाएगा। सैनिकों के परिजनों के बलिदान को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि यह दीपावली सैनिकों के साथ मनाए जाने के बाद ही पूरी होगी।

मोदी ने कहा कि प्रत्येक भारतवासी देश के जवानों की शक्ति, शौर्य और दृढ़ता के प्रति गौर्वान्वित है और दुनिया की कोई ताकत हमारे बहादुर सिपाहियों को सीमाओं की रक्षा करने से नहीं रोक सकती।