मौसम का मिजाज : कहीं बारिश, कहीं उमस

नई दिल्ली/देहरादून/पटना/भोपाल/लखनऊ, 24 मई | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह बादलों के बीच हुई। एक दिन पहले यानी सोमवार को हुई बारिश की वजह से न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, “आसमान में आंशिक रूप से बदली छाई रहेगी और दिल्ली व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कुछ हिस्सों में बारिश या फुहारें पड़ने के आसार हैं।”

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश दिल्ली में राहत लाई। बारिश से तापमान में गिरावट आई है।

दिल्ली में सोमवार सुबह 8.30 बजे से मंगलवार सुबह 8.30 बजे के बीच 10.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।

सुबह 8.30 बजे वातावरण में 74 फीसदी आद्र्रता दर्ज की गई।

वहीं, एक दिन पहले सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 30.5 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

देहरादून

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में मंगलवार सुबह झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी सहित उत्तराखंड के कई इलाकों में सुबह सुहावनी रही। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आगामी 36 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उन्होंने बताया कि कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी में भी बारिश होने के आसार हैं।

झमाझम बारिश से पर्यटन नगरी मसूरी में मौसम सुहावना हो गया है।

पटना

बिहार में राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार रात बारिश के बाद मंगलवार सुबह तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांष हिस्सों में बूंदाबांदी होने के आसार जताए हैं।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक, राजधानी में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री, गया में 26.5 डिग्री, भागलपुर में 22.8 डिग्री तथा पूर्णिया में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना में दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है।

वहीं, एक दिन पहले सोमवार को पटना में अधिकतम तापमान 38 डिग्री, पूर्णिया में 35.7 डिग्री तथा गया में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

पिछले 24 घंटों के दौरान पटना में 14.40 मिलीमीटर तथा पूर्णिया में 29.20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

भोपाल

मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर मंगलवार सुबह उमस और गर्मी रही। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। बीते 24 घंटों के दौरान चली हवाओं और बौछारें पड़ने से तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर संभागों में बौछारें पड़ सकती हैं।
राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। राजधानी भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री, इंदौर में 24.8 डिग्री, ग्वालियर में 22.4 डिग्री और जबलपुर में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री, इंदौर में 39 डिग्री, ग्वालियर में 44 डिग्री और जबलपुर में 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

लखनऊ

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में सोमवार देर रात आंधी और बारिश के बाद मंगलवार सुबह तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में धूप से राहत मिलेगी। तेज हवाएं चलेंगी। पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।

लखनऊ के अलावा बनारस में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री, कानपुर में 22 डिग्री, गोरखपुर में 24 डिग्री, झांसी में 25 डिग्री, इलाहाबाद में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।–आईएएनएस