Rajnath Singh

राजनाथ ने मुख्यमंत्रियों व नेताओं को ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की जानकारी दी

नई दिल्ली, 29 सितम्बर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को प्रमुख राष्ट्रीय नेताओं एवं मुख्यमंत्रियों को भारत द्वारा जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा के उस पार आतंकियों के ठिकानों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ के बारे में जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री ने गुलाम नबी आजाद और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्‍सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी को भी इसकी जानकारी दी।

सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में यहां गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है जिसे अन्य नेताओं के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संबोधित करेंगे।

सूत्रों ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में उम्मीद है कि राजनाथ सिंह नेताओं को देश की आंतरिक सुरक्षा की स्थिति की जानकारी देंगे।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी को भी इन हमलों से अवगत करा दिया गया है।

गुरुवार को पाकिस्तानी सेना ने जम्मू एवं कश्मीर को दोनों देशों में बांटने वाली नियंत्रण रेखा पर नौगाम सेक्टर के दानेश एवं लक्ष्मी चौकियों पर गोलीबारी की। भारतीय सेना ने इस पर जवाबी कार्रवाई की।

पाकिस्तान के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने कहा है कि दोनों पक्षों में गोलीबारी बुधवार-गुरुवार की रात 2.30 बजे शुरू हुई जिसमें दो पाकिस्तानी जवान मारे गए है। –आईएएनएस