विगत चार वर्षों जितना विकास पहले कभी नहीं हुआ : अखिलेश

लखनऊ, 24 अगस्त (जस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी सरकार ने प्रदेश को नई दिशा दी है। विगत चार वर्षों में सर्वांगीण विकास के लिए जितना काम किया गया है, इतना पहले कभी नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के विभिन्न निर्णयों एवं बुनियादी सुविधाओं के फलस्वरूप उद्योग-धंधों का विकास हो रहा है, जिसका लाभ यहां के नौजवानों, गरीबों एवं किसानों को मिलेगा।

अखिलेश मंगलवार को यहां होटल ताज में क्रेडाई यू0पी0 एवं पी0एच0डी0 चेम्बर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर समिट-2016 को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने राज्य के सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठानों को पुरस्कृत किया। यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नवनीत सहगल को एक्ज़ीक्यूटिव ऑफ दी ईयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए जो काम किया जा रहा है, उससे प्रदेश में खुशहाली आएगी और देश तथा प्रदेश प्रगति के रास्ते पर तेजी से बढ़ेगा।

यादव ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने सही मायने में प्रदेश का विकास करने का काम किया है। इसीलिए विपक्षी दल विकास की बात करने के बजाय गलत मुद्दा उठाने का काम करते हैं।