विश्व में छोटी आबादी का समृद्धि एवं भौतिक संपत्ति पर कब्जा

नई दिल्ली, 06 मार्च (जनसमा)। केंद्रीय गृहमंत्री  राजनाथ सिंह ने कहा है कि एक ऐसे विश्व में जहां एक छोटी आबादी का समृद्धि एवं भौतिक संपत्ति पर कब्जा है, सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) को संपन्न वर्गों एवं निर्धनों के बीच की खाई को कम करने पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

 सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष सितंबर में 190 से अधिक देशों द्वारा अंगीकृत संयुक्त राष्ट्र के 2030 एजेंडा एवं सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) अर्जित करने के लिहाज से जटिल और बृहत हैं।

रविवार को आयोजित  2030 के विकास एजेंडा का समर्थन करने के लिए कानून के शासन पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन  को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आज विश्व विकास की दिशा में पहले से कहीं अधिक सक्रिय, प्रतिक्रियाशील, अन्वेषक और समावेशी दृष्टिकोण की जरूरत महसूस करता है।

उन्होंने कहा कि बिना कानून के शासन के सतत विकास संभव नहीं है और सतत विकास के लिए शांति एवं सद्भावना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण बात है कि वैश्विक समुदाय ने हिंसा के सभी रूपों में कमी लाने तथा न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी विधि-शासन को बढ़ावा देने की जरूरत पर गौर किया है।