शिमला के विकास की अनेक योजनाएं

शिमला 13 जनवरी । हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनारथा ने शिमला शहर के विकास एवं सौंदयकरण के लिए अनेक योजनाओं की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार जताया है। उन्होंने  कहा कि ये परियोजनाएं शहर की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के साथ-साथ शहर के नैसर्गिक सौंदर्य के संरक्षण में सहायक सिद्ध होंगी।

जनारथा ने कहा कि एक नवीन परिकल्पना दस्तावेज तैयार कर इसे शीघ्र सरकार को स्वीकृति के प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए कदम निश्चित तौर पर ऐतिहासिक शहर में और अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मददगार होंगे।

उन्होंने मुख्यमंत्री का पेयजल आपूर्ति एवं जल निकासी प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न योजनाओं की घोषणाओं के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यकरण और रज्जु मार्गों के निर्माण की मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता पर्यटकों के लिए अतिरिक्त आकर्षण साबित होगी। उन्होंने नगर निगम सीमा के भीतर संपर्क सड़कों की संभावनाओं का पता लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग और नगर निगम शिमला को निर्देश देने के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

जनारथा ने इंदिरा गांधी खेल परिसर में उपलब्ध करवाई गई एलईडी स्क्रीन जो पर्यटकों को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सूचना उपलब्ध करवाएगी, के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।