संसदीय समिति को सर्जिकल स्ट्राइक पर सेना ने ब्रीफ किया

संसदीय समिति को सर्जिकल स्ट्राइक पर सेना ने ब्रीफ किया

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर | सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत ने भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में किए गए सर्जिकल स्ट्राइक्स के बारे में शुक्रवार को संसद की रक्षा मामलों की स्थायी समिति को अवगत कराया। समिति के एक सदस्य ने बताया कि सेना के उप प्रमुख ने लगभग आधे घंटे तक सेना के सर्जिकल स्ट्राइक्स से जुड़ी जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि जो भी सूचनाएं दी गईं, वे पहले से ही लोग जान रहे हैं।

फाइल फोटो : लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत। (आईएएनएस)

सूत्र के अनुसार, सेना के उप प्रमुख से इस दौरान किसी ने सवाल नहीं पूछा।

सेना की यह ब्रीफिंग कांग्रेस द्वारा गुरुवार रात की गई उस शिकायत के बाद आई है, जिसमें उसने कहा था कि बैठक का एजेंडा ऐन वक्त पर बदल दिया गया और सर्जिकल स्ट्राइक्स पर ब्रीफिंग रद्द कर दी गई है।

सूत्र ने कहा कि बैठक की शुरुआत में कांग्रेस सदस्यों ने यह मुद्दा भी उठाया, लेकिन समिति के अध्यक्ष मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) बी.सी.खंडूरी ने कहा कि जानकारी सही ढंग से नहीं पहुंच पाने के कारण ऐसा हुआ है।

जब सदस्यों ने कहा कि उन्होंने इस बारे में उन्हें पत्र लिखा था, तो अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें वह पत्र  नहीं मिला और ऐसा लगता है कि उन तक पहुंचने के पहले वह पत्र मीडिया के हाथ लग गया।

उल्लेखनीय है कि जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में भारतीय सेना के ब्रिगेड मुख्यालय पर आतंकवादी हमले के बाद सेना ने 28 सितंबर की रात पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के लॉन्च पैड्स पर सर्जिकल स्ट्राइक्स किए थे।                –आईएएनएस