बजट सत्र

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी, 2023 से

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी, 2023 से शुरू होगा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने 13 जनवरी को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 14 फरवरी से 12 मार्च तक संसद में अवकाश रहेगा।

जोशी के मुताबिक, ‘संसद की स्थायी समिति के समक्ष विभिन्न राज्यों की अनुदान मांगों पर निर्णय लेने और विभिन्न मंत्रालयों से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्ट तैयार करने के लिए 14 फरवरी से 12 मार्च तक ब्रेक लिया जाएगा।’

बजट सत्र की शुरुआत संसद के सेंट्रल हॉल में लोकसभा और लोकसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी।

पिछले साल जुलाई में राष्ट्रपति चुने जाने के बाद से राष्ट्रपति मुर्मू का संसद के दोनों सदनों में यह पहला संबोधन होगा।

बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया जाएगा।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को संसद में केंद्रीय बजट पेश करेंगी और सत्र का पहला भाग 10 फरवरी तक चलने की उम्मीद है।

इस बीच, नए संसद भवन का उद्घाटन मार्च में होने की संभावना है, जब सदन केंद्रीय बजट सत्र के दूसरे भाग के लिए बुलाएगा।

सूत्रों ने बताया कि बजट सत्र का दूसरा भाग नए संसद भवन में आयोजित होने की संभावना है।

अधिकारियों ने बताया कि संसद भवन पर काम जोरों पर चल रहा है और फरवरी तक पूरा होने की उम्मीद है।