सिंहस्थ मेले में ई-रिक्शा सेवा शुरू

भोपाल, 18 अप्रैल (जनसमा)। मध्यप्रदेश के उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ मेले में आने-जाने और भ्रमण करने के लिए ई-रिक्शा सेवा शुरू की गई है। उज्जैन जिला प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने रविवार को ई-रिक्शा रैली को झंडी दिखा कर रवाना किया। प्रभारी मंत्री ने ई-रिक्शा की सवारी भी की। ग्रीन सिंहस्थ के लिये कायनेटिक कम्पनी ने 300 ई-रिक्शा उपलब्ध करवाये हैं। बैटरी से चलने वाले ये ई-रिक्शा न्यूनतम किराये पर सवारी लाने-ले जाने का काम करेंगे। इनमें दिव्यांगों, बुजुर्गों और महिलाओं को प्राथमिकता दी जायेगी।

ई-रिक्शा सिंहस्थ के कोर एरिया में चलेंगे। सेटेलाईट से घाटों पर पहुँचने तथा सिंहस्थ क्षेत्र में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचाने में ये मददगार होंगे। न्यूनतम 10 रूपये तथा अधिकतम किराया 20 रूपये होगा। यह सेवा 24×7 मिलेगी। बैटरीचलित ई-रिक्शाओं के लिये कम्पनी द्वारा 200 बैटरियाँ रिजर्व में रखी जायेंगी। एक समय में कम से कम 200 ई-रिक्शा संचालित किये जायेंगे।

उज्जैन में सिंहस्थ मेला कार्यालय द्वारा संचालित कॉल-सेन्टर सिंहस्थ की जानकारी देने में अपनी उपयोगिता सिद्ध कर रहा है। दूर-दराज से लोग बड़ी संख्या में सेन्टर के दूरभाष नम्बर 1100 से सिंहस्थ संबंधी जानकारियाँ ले रहे हैं। कॉल-सेन्टर 24×7 संचालित है। तीन शिफ्ट में 8-8 घण्टे के लिये अमला कार्य कर रहा है। सेन्टर पर 25 लाईन स्थापित हैं। एक समय में 25 लोग सिंहस्थ संबंधी जानकारी ले सकते हैं।

कॉल-सेन्टर से अधिकतर व्यक्ति पार्किंग व्यवस्था, पर्व-स्नान की तिथियाँ, वाहनों के रूट, प्रतिबंधित वाहन क्षेत्र, पास व्यवस्था तथा साधु-संतों के ठहरने के स्थान, उनके भू-खण्ड की लोकेशन आदि जानकारियाँ ले रहे हैं। मालूम हो कि 28 दिसम्बर 2015 को शुरू हुए इस सेन्टर में अब तक लगभग 32 हजार कॉल आ चुके हैं।