हरियाणा से शुरू हुए डिजिटल रैली के प्रयोग से खट्टर उत्साहित

चंडीगढ़, 16 मई (जनसमा)। हरियाणा से शुरू हुए डिजिटल रैली के प्रयोग से उत्साहित हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से देश भर में स्मार्ट सिटी कार्यक्रम के तहत चुने गए शहरों में शामिल फरीदाबाद के विकास के लिए 2600 करोड़ रुपए की योजना तैयार की गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को देर सायं फरीदाबाद से देश की पहली डिजिटल रैली को संबोधित किया। उनके संबोधन को फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग 15 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लोगों ने सुना, जबकि सोशल मीडिया पर फेसबुक व यू टयूब के माध्यम से रैली का सीधा प्रसारण हुआ।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू से स्मार्ट सिटी कार्यक्रम के तहत अगले 20 शहरों की घोषित होने वाली सूची में फरीदाबाद को शामिल करने का आग्रह किया गया है। जिसके चलते इसी वर्ष फरीदाबाद शहर में ढांचागत विकास तेज होने की पुख्ता उम्मीद है। उन्होंने बताया कि गुडग़ांव में शुरू होने जा रही एयर टैक्सी सेवा के बाद आवश्यक हुआ तो अगले चरण में फरीदाबाद, सोनीपत व करनाल को भी जोड़ा जाएगा।

मनोहर लाल ने फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों से रूबरू होते हुए कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने के उपरांत ई-सेवाओं को बढ़ावा देते हुए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया गया है। राज्य सरकार डिजिटल सेवाओं के जरिए व्यापारियों, किसानों व आमजन की सुविधा के लिए नए-नए प्रयोग किए जा रहे है। जिनमें व्यापारियों के लिए नया लाइसेंस या क्लीयरेंस लेने के लिए ई-बिज पोर्टल विकसित किया जा रहा है। जिसके तहत एक छत के नीचे सभी विभागों की औपचारिकताएं निर्धारित समय के भीतर पूरी की जा सकेंगी। किसानों की सुविधा के लिए अथ टू माऊथ, राज्य की ढ़ाई करोड़ आबादी का डेटा बेस तैयार कर आवश्यक प्रमाण पत्र जारी करने के लिए एसआरडीबी आदि प्रयोग भी शामिल है।

(फाईल फोटो)