outline map Saudi Arebia

रियाद में फंसे हिमाचल प्रदेश के सभी 12 लोग सुरक्षित

सऊदी अरब के रियाद में फंसे हिमाचल प्रदेश के सभी 12 लोग सुरक्षित हैं और उन्हें शीघ्र छुड़वाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

दूतावास ने सूचित किया है कि ऐसा प्रतीत होता है कि सभी नागरिक नियमों की अवहेलना करके सऊदी अरब पहुंचे थे। दूतावास ने हर संभव सहायता देने तथा उनके भारत सुरक्षित लौटने की प्रक्रिया को सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।

विदेश मंत्रालय (खाड़ी) के निदेशक आर.वी. प्रसाद ने मंगलवार को राज्य सरकार से साझा की गई सूचना के अनुसार रियाद में भारतीय दूतावास ने सूचित किया है कि हिमाचल प्रदेश के 12 लोगों सहित सभी 14 भारतीयों को रियाद प्रत्यार्पण केन्द्र में रखा गया है।

इनमें से पंजाब के आेंकार चन्द को पहले ही भारत भेज दिया गया है। मण्डी के तनुज कुमार तथा देवेन्द्र कुमार को उनके प्रायोजकों द्वारा छुड़वाया गया है।

दूतावास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इन नागरिकों से बात की। इसके उपरान्त दूतावास के अधिकारी 2 दिसम्बर, 2018 को दूसरे भारतीय नागरिकों से भी मिले और उनके सुरक्षित होने की सूचना दी।

रियाद में भारतीय दूतावास के अधिकारी भी प्रत्यार्पण केन्द्र के संबंधित अधिकारियों से मिले और भारतीय नागरिकों को शीघ्र भारत भेजने की मांग की।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केन्द्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भारतीय नागरिकों की रिहाई का मामला निजी तौर पर सऊदी अरब के अधिकारियों से उठाने का आग्रह किया है।