6 killed, 50 injured in explosion in firecracker factory in Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 6 लोगों की मौत, 50 घायल

हरदा (मध्य प्रदेश), 6 फरवरी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया है कि पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद छह लोगों की मृत्यु हुई है और लगभग 50 लोग घायल हुए हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मध्य प्रदेश के हरदा जिले के बैरागढ़ इलाके में मंगलवार सुबह एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद 10 से अधिक लोगों की जान चली गई और लगभग 50 लोग घायल हो गए।

विस्फोट में आसपास के साठ घर भी नष्ट हो गए, जबकि तीन दर्जन से अधिक लोग विस्फोट से प्रभावित हुए। फैक्ट्री में लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण अधिकारियों ने 100 से अधिक घरों को खाली करा लिया है। इसके अलावा, विस्फोट के कारण बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन आग की चपेट में आ गए।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आग पर काबू पाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और उनका इलाज नि:शुल्क किया जाएगा। जिनकी मृत्यु हुई है, उनके परिजनों को चार लाख रूपए की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। घायलों का यथायोग्य इलाज कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बाबा महाकाल सब पर कृपा करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हरदा में हुई दुर्घटना के संबंध में मंत्रालय में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि हरदा में दु:खद घटना घटी है, एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ है। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार छह लोगों की मृत्यु हुई है और लगभग 50 लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि हरदा के लिए 50 से अधिक एंबुलेंस रवाना की गई हैं। भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद सहित आसपास के नगरों के अस्पतालों में बर्न यूनिट तत्काल आरंभ करने के लिये व्यवस्था की जा रही है।

मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, अपर मुख्य सचिव अजीत केसरी तथा डीजी होमगार्ड को हेलीकॉप्टर से हरदा के लिए रवाना किया गया है। इसके साथ ही पुलिस बल भी भेजा गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि घटना के संबंध में भारत सरकार को भी अवगत कराया गया है।